August 27, 2026

छह बार सांसद रहे भाजपा के नेता बृजभूषण शरण सिंह ने कहा-अब भाजपा मौका नहीं देगी

नई दिल्ली
भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और छह बार सांसद रहे भारतीय जनता पार्टी के चर्चित नेता बृजभूषण शरण सिंह ने कहा है कि अब भाजपा उनको मौका नहीं देगी। बृृजभूषण शरण सिंह ने भाजपा के फिर मौका देने के सवाल पर कहा कि भाजपा अब उन्हें कभी मौका नहीं देगी। पूर्व सांसद ने कहा कि वो जानते हैं कि पार्टी उन्हें अब मौका नहीं देगी। सिंह ने कहा कि वो मुंगेरी लाल के हसीन सपने नहीं देखते, जिनको देखना है, उनको देखने दीजिए। बताते चलें कि महिला पहलवानों के यौन शोषण के आरोप लगने के बाद कुश्ती संघ में कुर्सी गंवा चुके कैंसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह मुकदमे का सामना कर रहे हैं।

लोकसभा चुनाव में भाजपा ने बृजभूषण शरण सिंह का टिकट काटकर उनके बेटे करण भूषण सिंह को लड़ा दिया था। करण भूषण सिंह ने सपा के राम भगत मिश्रा को लगभग डेढ़ लाख वोट के अंतर से हराकर अपने पिता की सीट पर भाजपा का कब्जा कायम रखा। बृजभूषण शरण सिंह के एक और बेटे प्रतीक भूषण सिंह गोण्डा विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक हैं।

परसपुर में समाजवादी पार्टी के नेता ओम प्रकाश सिंह के परिजनों से मिलने के बाद पूर्व सांसद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार अपराधियों के साथ नहीं है। ये सब लोग जानते हैं। पूर्व सांसद ने कहा कि ओम प्रकाश सिंह की हत्या के मामले में पुलिस अपना काम कर रही है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की है क्योंकि परिवार में कोई कमाने वाला नहीं है। परिवार में छोटे-छोटे बच्चे हैं। सिंह ने बुलडोजर के सवाल पर कहा कि ग्राम समाज या चकरोड पर बना हो तो चल सकता है। लेकिन गिराने की एक प्रक्रिया है।

 

You may have missed