भोपाल
मध्यप्रदेश में 77 दिन से बदरा बरस रहे हैं। सितंबर के शुरुआती 3 दिन भी जमकर पानी बरसा है। सूबे में सामान्य से 83 मिमी ज्यादा यानी अब तक 905 मिमी बारिश हो चुकी है। मानसून सीजन का 95% फीसदी पानी बरस चुका है। मंडला में सबसे ज्यादा 1208 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने 10 सितंबर तक एमपी में तेज बारिश नहीं होने की संभावना जताई है। 6 सितंबर को डिंडौरी और बालाघाट में तेज बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में धूप-छांव और बौछारें पड़ सकती हैं।
जानें क्यों थमा रहेगा तेज बरसात का दौर
मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडेय के मुताबिक, एक मानसून ट्रफ लाइन अभी मध्यप्रदेश से होकर गुजर रही है। इसके कारण एमपी के पूर्वी हिस्से के कुछ जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो रही है। अगले 24 घंटे बारिश का दौर थमा रहेगा। डिंडौरी और बालाघाट में जरूर तेज बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में धूप-छांव और हल्की बारिश होगी।
इन जिलों में ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने 6 सितंबर को डिंडौरी और बालाघाट में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। अशोकनगर, विदिशा और मऊगंज में तीखी धूप खिली के आसार बताए हैं। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में धूप-छांव, गरज-चमक और हल्की बारिश का दौर बना रहने की उम्मीद है।
कल से इन जिलों में ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने 7 सितंबर डिंडौरी और बालाघाट में तेज बारिश होने की संभावना जताई है। अशोकनगर में तीखी धूप खिली रहेगी। भोपाल इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में धूप-छांव, गरज-चमक और हल्की बारिश का दौर बना रहेगा। 8 और 9 सितंबर को शहडोल और अनूपपुर में तेज बारिश हो सकती है। भोपाल, विदिशा, अशोकनगर, भिंड, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन, इंदौर, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा में धूप खिली रहेगी। ग्वालियर, जबलपुर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में धूप-छांव, गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है।
भोपाल में अब तक 1092 मिमी बरसा पानी
मध्यप्रदेश में गुरुवार को खजुराहो, रीवा, सतना, सिवनी, टीकमगढ़, ग्वालियर और खरगोन में हल्की बारिश हुई। कई जिलों में गर्मी का असर देखने को मिला। बता दें कि अब तक राजधानी भोपाल में 1092 मिमी बारिश हो चुकी है। सबसे ज्यादा मंडला में यहां अब तक 1208 मिमी पानी बरसा है। सिवनी, छिंदवाड़ा, सीधी, श्योपुर, नर्मदापुरम, डिंडौरी, रायसेन और सागर में भी अच्छी बारिश हुई है।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू