भोपाल
दिव्यांगजन द्वारा तैयार किये जा रहे उत्पादों तथा उनकी शिल्प कौशल का प्रदर्शन करने केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय द्वारा 21वें दिव्य-कला मेला का आयोजन 17 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक जबलपुर में किया जायेगा। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों के दिव्यांग उद्यमियों द्वारा अपने उत्पादों और शिल्प-कला का प्रदर्शन किया जायेगा। दिव्य-कला मेला एमएलबी स्कूल जबलपुर के सामने स्थित मैदान में लगाया जायेगा। दिव्यांगजन की क्षमताओं और शिल्प कौशल को आमलोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किये जा रहे इस मेले में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। आयुक्त, निःशक्तजन संदीप रजक ने कलेक्ट्रेट जबलपुर में मेले की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में दिव्य-कला मेले को भव्य स्वरूप में आयोजित करने के निर्देश दिये गए।
आयुक्त, नि:शक्तजन रजक ने बताया कि दिव्य-कला मेला में स्वयं का व्यवसाय या उद्यम स्थापित करने के इच्छुक दिव्यांगजन को राष्ट्रीय दिव्यांगजन वित्त और विकास निगम द्वारा बैंकों से संचालित ऋण योजनाओं की जानकारी दी जायेगी और प्रकरण भी तैयार किये जायेंगे। दिव्यांगजन के जॉब फेयर का आयोजन भी दिव्य-कला मेले के दौरान किया जायेगा। दिव्यांगजन को रियायती दर पर सहायक उपकरण भी इस मेले में उपलब्ध कराये जाएंगे। उन्होंने बताया कि दिव्य-कला मेले में देश के विभिन्न राज्यों के दिव्यांग उद्यमियों के उत्पादों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी दिव्यांगजन द्वारा तैयार किये गये उत्पादों के प्रदर्शन और विक्रय के लिये स्टॉल आरक्षित किये जायेंगे। दिव्य-कला मेले में खान-पान के स्टॉल भी लगाये जा रहे हैं। इसमें भी स्थानीय दिव्यांगजन को प्राथमिकता दी जायेगी। रजक ने बताया कि मेले के आयोजन को भव्य स्वरूप देने केंद्र एवं राज्य शासन के विभागों, विभिन्न स्वयं सेवी संगठनों, उद्योग संघों, व्यावसायिक संगठनों तथा रोटरी क्लब एवं लॉयंस क्लब का सहयोग देंगे।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू