भोपाल
कांग्रेस भी लोकसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां शुरू कर चुकी है। नए प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह और नए प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी लोकसभा चुनाव को देखते हुए जिलों में भी एक्टिव होने जा रहे हैं। दोनों नेता का लक्ष्य विधानसभा चुनाव में मिली पार्टी की हार से कार्यकर्ताओं को उभार कर लोकसभा चुनाव की तैयारियों में उन्हें जुटाने का है।
जीतू पटवारी ने प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद रविवार से लेकर बुधवार तक प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में लगातार अपने नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारी, सह प्रभारी की बैठक में शामिल होने के लिए जितेंद्र सिंह भी भोपाल आए थे। संगठन के लोगों से चर्चा करने के बाद अब यह तय किया जा रहा है कि जितेंद्र सिंह और जीतू पटवारी जनवरी से लगातार दौरे करेंगे। जनवरी के पहले सप्ताह से दौरे की शुरूआत होगी।
जीतू पटवारी हर जिले में जाएंगे, वहीं जितेंद्र सिंह हर लोकसभा क्षेत्र में जाएंगे। पटवारी हर जिले में जाकर कार्यकर्ताओं और जिला पदाधिकारियों के साथ ही प्रमुख नेताओं से चर्चा करेंगे। जिसमें वे कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने का काम प्रमुखता से करेंगे। वहीं जितेंद्र सिंह मंगलवार को भोपाल में यह बोलकर गए हैं कि वे हर लोकसभा क्षेत्र में जाएंगे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। जितेंद्र सिंह का भी यही प्रयास होगा कि वे कार्यकर्ताओं के मनोबल बढ़ाए। इसके साथ ही दोनों ही नेता क्षेत्रों में जाकर लोकसभा उम्मीदवारों को लेकर भी वहां के कार्यकर्ताओं और नेताओं से चर्चा करेंगे। विधानसभा चुनाव में पार्टी की जिला स्तर पर दिखाई दी गुटबाजी को भी खत्म करने का इस दौरान ये नेता प्रयास करेंगे।
नेताओं में करवाएंगे समन्वय
सूत्रों की मानी जाए तो दोनों ही नेता अपने स्तर पर अब जिला और लोकसभा क्षेत्र में पार्टी के नेताओं के बीच समन्वय बना रहे, इसे लेकर भी टास्क लेकर जाएंगे। जिलों में पार्टी के बड़े नेताओं के बीच में लोकसभा चुनाव के दौरान तालमेल बना रहे और वे पार्टी के लिए काम करें, इसे लेकर भी दोनों नेता जिलों में जाकर बातचीत करेंगे।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू