बलौदाबाजार
अपराध नियंत्रण,कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिले में स्थित कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में नवीन पुलिस सहायता केंद्र का संचालन प्रारंभ किया गया है। जिसका शुभारंभ आज पंथ श्री उदितमुनिनाम साहब के करकमलों द्वारा फीता काट कर किया गया। इस मौके पर पूर्व विधायक भाटापारा शिवरतन शर्मा, कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कबीर अनुयायी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस मौके पर पंथ श्री उदितमुनिनाम साहब द्वारा सहायता केंद्र मे विधिवत रोजनामचा लेखन कार्य प्रारंभ कर पुलिस सहायता केंद्र कबीर धर्मनगर (दामाखेड़ा) का विधिवत कार्य प्रारंभ किया गया। पुलिस सहायता केंद्र कबीर धर्मनगर (दामाखेड़ा) में सहायक उप निरीक्षक माधो प्रसाद साहू को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही प्रधान आरक्षक सुख सागर मरावी, 03 आरक्षक सहित कुल 05 पुलिस स्टाफ की तैनाती पुलिस सहायता केंद्र कबीर धर्मनगर (दामाखेड़ा) में की गई है।
गौरतलब है कि कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा कबीर पंथ के प्रमुख आस्था का मुख्य केंद्र है। ग्राम दामाखेड़ा में कबीर पंथ आश्रम विद्यमान है जिसमें कबीर पंथ के वंशाचार्य श्री प्रकाश मुनि नाम साहेब एवं उनका परिवार भी निवास करते है। उक्त स्थल का दर्शन करने प्रतिदिन दर्शनार्थियों का आना-जाना लगा रहता है। साथ ही प्रत्येक वर्ष दामाखेड़ा में 15 दिवसीय मेला का भी आयोजन किया जाता है,जिसमें हर दिन चौका आरती एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान कार्यक्रम होते रहते हैं। इस दौरान मेला कार्यक्रम में विभिन्न प्रदेशों के साथ-साथ विदेश से भी कई लोग दर्शनार्थ कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा पहुंचते हैं तथा प्रतिदिन मेले में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते है।

More Stories
छत्तीसगढ़ में 208 नक्सलियों ने किया 153 घातक हथियारों के साथ आत्मसमर्पण
छत्तीसगढ़ की संस्कृति में सभी के प्रति सम्मान और आभार की भावना, हरेली तिहार के आयोजन में बोले सीएम साय
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने की इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा : बस्तर से सरगुजा तक डिजिटल क्रांति का विस्तार, 5000 मोबाइल टावर का लक्ष्य तय