उज्जैन
श्री महाकालेश्वर प्रबंध समिति के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि नवागत कलेक्टर नीरज कुमार सिंह आज सुबह बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए मंदिर पहुंचे थे। जहां लगभग पांच पंडितों की उपस्थिति में आपने चांदी द्वार से बाबा महाकाल का पूजा अर्चन किया और उसके बाद नंदी हाल में बैठकर बाबा महाकाल की विशेष पूजा अर्चना कर एक संकल्प भी लिया।
किया गया स्वागत सम्मान
पूजन अर्चन के दौरान श्री सिंह बाबा महाकाल की भक्ति में लीन दिखाई दिए। जब पुजारीगण महामृत्युंजय के मंत्रों का जाप कर रहे थे तब वह भी इन मंत्रों को पढ़ते दिखाई दिए। बाबा महाकाल के दर्शन व पूजन के बाद नवागत कलेक्टर श्री सिंह ने नंदी जी के कानों में अपनी मनोकामना कही। पूजा अर्चन के बाद श्री महाकालेश्वर प्रबंध समिति के प्रशासक संदीप सोनी व अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में कलेक्टर नीरज कुमार सिंह का स्वागत सम्मान भी किया गया।
उनके पदभार ग्रहण करते ही विकास कार्यों में तेजी आने के साथ ही प्रशासनिक कसावट और अधिक बढ़ेगी। क्योंकि उनकी कार्यशैली ही अलग है, वे शिकायतों के निराकरण मामले में खुद पर भी जुर्माना लगा चुके हैं और साइकिल चलाते हुए निरीक्षण पर निकल जाते हैं।
खुद पर लगाया था 100 रुपये का जुर्माना
राजगढ़ में कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने सीएम हेल्पलाइन और अन्य शिकायतों का निराकरण नहीं होने पर खुद की गलती मानते हुए स्वयं पर 100 रुपये का जुर्माना लगाया था। जिले के 1,139 अधिकारियों-कर्मचारियों पर भी उन्होंने एक लाख 13 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना किया था। टीएल बैठक में सीएम हेल्पलाइन और अन्य लंबित शिकायतों की समीक्षा की, जिसमें सामने आया कि एल-1 से एल-3 तक पहुंच चुकी करीब 1,139 शिकायतों का विभागीय अधिकारियों द्वारा निराकरण नहीं किया गया। इस पर उन्होंने प्रति शिकायत 100 रुपये के मान से 1,139 शिकायतों पर एक लाख 13 हजार से भी अधिक राशि का जुर्माना लगाया था। एल-1 पर कार्रवाई नहीं होने के कारण स्वयं पर भी 100 रुपये का जुर्माना किया था।

More Stories
स्थानांतरण और सार्थक ऐप से अनिवार्य उपस्थिति का विरोध तेज, पशुपालन कर्मचारियों ने मंत्री को सौंपा ज्ञापन
रसूखदारों और भ्रष्ट तंत्र की मिलीभगत का पर्याय सिद्धांता हॉस्पिटल
भीषण अग्निकांड: भ्रस्टाचार की बलि चढ़ते लोग, क्या कभी प्रशासन लेगा सबक