एडिशनल सेक्रेटरी स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता पाटिल ने किया स्कूलों का निरीक्षण 

 

मध्‍यान्‍ह भोजन कार्यक्रम के संचालन की समीक्षा

भोपाल : 7 जनवरी, 2025

स्‍कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग भारत सरकार के एडिशनल सेक्रेटरी आनंद राव वी पाटिल ने प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (मध्‍यान्‍ह भोजन) कार्यक्रम की प्रदेश में संचालन की समीक्षा की। बैठक में ऑटोमेटेड मॉनिटरिंग सिस्टम में प्रदेश की प्रगति, पोर्टल के माध्‍यम से योजना के संचालन एवं नवाचार का प्रयोग करते हुए ऐप के माध्‍यम से किये जा रहे निरीक्षण की सराहना की।

पटेल ने प्रदेश में मध्‍यान्‍ह भोजन वितरण में किसी भी प्रकार का व्‍यवधान न आये इसे सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। शालाओं के छात्रों के नियमित स्‍वास्‍थ्‍य परीक्षण उन्‍हें समय पर डी-वॉर्म टेबलेट व ऑयरन टेबलेट खिलाये जाने को सुनिश्चित करने, खाद्यान्‍न के क्‍वॉलिटी टेस्टिंग व निरीक्षण की संख्‍या बढ़ाये जाने पर विशेष बल दिया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास‍ अपर सचिव एवं राज्‍य समन्‍वयक पीएम पोषण श्री दिनेश जैन, संयुक्त आयुक्त श्री आई.एस. ठाकुर, श्रीमती सीमा खान, संयुक्‍त आयुक्‍त श्री अनिल कोचर और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

पाटिल ने अक्षयपात्र केन्‍द्रीयकृत किचिन-शेड का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां आधुनिक मशीनों से गुणवत्‍ता पूर्ण भोजन तैयार किये जाने व भोपाल शहर के छात्रों को पहुंचाये जाने की प्रक्रिया और अतिरिक्‍त पोषण देने की सराहना की। उन्होंने कहा कि जहां अच्‍छे कार्य हो रहे हैं, संस्‍थाओं को भी अवगत कराया जाये। पाटिल ने राज्‍य शिक्षा केन्‍द्र स्थित विद्या समीक्षा केन्‍द्र का अवलोकन किया। इस दौरान संचालक राज्‍य शिक्षा केन्‍द्र श्री हरजिन्‍दर सिंह व अन्‍य अधिकारी उपस्थित रहे। श्री पाटिल ने विद्या समीक्षा केन्‍द्र को और अधिक विश्लेषात्मक व उपयोगी बनाये जाने तथा पीएम पोषण को भी उसमें शामिल किये जाने के लिये कहा है।

पाटिल ने सीहोर जिले के महुआखेड़ा तकीपुर शाला का निरीक्षण किया एवं शिक्षकों ,छात्रों स्वसहायता समूह व रसोइयों से चर्चा की। उन्होंने पीएम पोषण योजना में निर्मित ‘‘पोषण वाटिका’’ (मां की बगिया)का अवलोकन किया। श्री पाटिल ने पोषण वाटिका में उपयोगी पोषक सब्जियां आदि और अधिक लगाने के निर्देश दिये। श्री पाटिल ने बच्‍चों को समय पर IFA तथा डी-वॉर्मिंग टेबलेट नियमित दिये जाने के निर्देश दिये।

पाटिल ने रेसीडेंसी सभागार इंदौर में मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सहित पीएम पोषण एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। सामाजिक अंकेक्षण कार्य की रिपोर्ट पर कार्यवाही, विद्या समीक्षा केन्‍द्र के माध्‍यम से शिक्षा विभाग तथा पीएम पोषण की प्रगति का विश्‍लेषण करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सावेर स्थित पीएम श्री शाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शाला प्राचार्य श्री सिरवैया तथा अन्‍य स्‍टॉफ उपस्थित रहे। इस दौरान शाला में किये गये कार्यों विशेष तौर पर जन-भागीदारी से किये गये कार्यो से श्री पाटिल को अवगत कराया गया।

पाटिल ने उज्‍जैन स्थित महर्षि सांदीपनि राष्‍ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्‍ठान का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें संस्‍थान में संचालित वेद विद्या संबंधित गतिविधियों से अवगत कराया गया। संस्‍थान के बच्‍चों द्वारा भावपूर्ण वेद मंत्रों का पाठ किया गया। उन्होंने बताया कि संस्‍थान में अन्‍य विषयों जैसे विज्ञान, गणित, आदि का भी अध्‍यापन किया जाता है। पाटिल ने भारत सरकार की योजनाओं से अवगत कराया गया तथा छात्रों व अध्‍यापकों से सुझाव भी लिये।

You may have missed