September 26, 2026

बड़े बड़े दिग्गजों के आपसी मनमुटाव ने जिला अध्यक्ष के चुनाव का समीकरण उलझाया, भाजपा के अनुशासन के कभी कसीदे पढ़े जाते थे अब….

भोपाल: 8 जनवरी 2025

भाजपा में कभी भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं के अनुशासन के कसीदे पढ़े जाते थे, पर अब ये सब पुरानी बातें हो गईं। पहले आलाकमान के एक इशारे पे बड़े बड़े नेता चूं नहीं करते थे और उनका आदेश अक्षरश: पालन किया करते थे लेकिन अब ये असंभव सा प्रतीत होता है। प्रधानमंत्री अपने सभी व्यक्तव्यों में समय पर कार्य करने की नसीहत दिया करते हैं पर मप्र भाजपा के पास समय बहुत है। मामूली से जिला अध्यक्ष के चुनाव में मप्र भाजपा संगठन के पसीने छूट रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि बड़े बड़े दिग्गजों ने अपने अपने नामों को अपनी आन बान शान समझ लिया है और शायद इसीलिए अध्यक्षों की नाम की घोषणा करना कठिन हो गया है। दिल्ली आलाकमान ने संगठन के जिम्मेदारों को दिल्ली बुलाया पर अभी तक भी नामों को अंतिम रूप नहीं दिया गया इस से ये साफ है कि कोई कोई न कोई पेंच तो फंसा हुआ है जो सुलझ नहीं पा रहा है।

राय नहीं बनने से जिलाध्यक्षों की सूची अभी तक भी जारी नहीं हो सकी। इस बीच केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद को दिल्ली बुलाकर समन्वय का प्रयास किया।

जिन जिलाध्यक्षों के नामों पर सहमति नहीं बन पाई है, उनको लेकर दिल्ली में नए सिरे से विचार विमर्श किया गया। सागर, इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, नरसिंहपुर, रीवा, सतना सहित करीब 15 जिलों में जिलाध्यक्षों के नामों पर दिग्गज नेताओं की आपस में सहमत नहीं है। ऐसे में अब केंद्रीय नेतृत्व जिलाध्यक्षों के नामों को लेकर अंतिम निर्णय लेगा।

इस बीच, बीते 24 घंटों में केंद्रीय मंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की भोपाल में मंत्री प्रहलाद पटेल से मुलाकात हुई है। शिवराज ने पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती से भी उनके घर पहुंचकर भेंट की।

शिवराज सोमवार को अपने पुत्र के विवाह का आमंत्रण देने भोपाल आए थे। वहीं, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मंगलवार को भोपाल में मंत्री विश्वास सारंग के घर पहुंचे और सारंग के पिता व भाजपा के संस्थापक सदस्य स्वर्गीय कैलाश नारायण सारंग को श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इन नेताओं के बीच लंबी राजनीतिक चर्चा भी हुई है। इन नेताओं की मुलाकात को भाजपा जिलाध्यक्ष व प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

You may have missed