August 29, 2026

दमोह शीतलहर के चलते ठंड से कांपा, अधिकतम तापमान मात्र 20 डिग्री

दमोह

नए साल की शुरुआत से लगातार कोहरे और शीतलहर के चलने का क्रम जारी है। समूचा दमोह जिला ठंड से कांप रहा है। गुरुवार की सुबह से काफी घना कोहरा छाया रहा। ओस के कारण सड़क पर चल रहे लोगों के कपड़े भी हल्के भीगे रहे। आलम यह है कि घंटाघर समीप से भी नहीं दिखाई दे रहा है। सुबह सर्किट हाउस पर भी घना कोहरा छाया हुआ है। मॉर्निंग वॉक पर आए हुए लोग अपने हाथों को मलते हुए नजर आए। शहर के बेलाताल टापू भी कोहरे से ढका हुआ है और तालाब के चारों ओर कोहरे की सफेद चादर दिखाई दे रही है। इतने घने के बीच भी सुबह से लोग साईं मंदिर बाबा के दर्शनों के लिए पहुंचे।

सीजन में पहली बार 20 डिग्री पर रहा अधिकतम तापमान
मौसम में रोज बदलाव देखा जा रहा है। कभी अधिकतम तो कभी न्यूनतम तापमान में कमी व वृद्धि देखी जा रही है। बुधवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे कम रहा। अधिकतम तापमान में गिरावट की वजह से दिन भर शीतलहर का दौर जारी रहा। इस दौरान दिन भर बादल छाए रहे। दोपहर में भी सूर्यदेव ने दर्शन नहीं दिए। वहीं, न्यूनतम तापमान 12 डिग्री पर यथावत बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. राजेश खबसे के अनुसार आगामी 6 और 7 जनवरी को हल्की बारिश होने की संभावना है।

 

सिहाेर में भी गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। कई जगह बूंदाबांदी भी हुई। कोहरे के कारण हाईवे सहित अन्य मार्गों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर वाहन चलाना पड़ रहा था। यहां सामने के वाहन कोहरे के कारण दिखाई ही नहीं दे रहे थे। हालात ये थे कि सुबह 11 बजे तक धूप नहीं निकल पाई। इधर, बुधवार को हुई बारिश के बाद कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। जिले में गुरुवार को मौसम का मिजाज लगातार दूसरे दिन भी बदला रहा। अनेक स्थानों पर रिमझिम बारिश हुई। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अभी दो दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। उसके बाद आसमान से बदल हटेंगे तो न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आएगी।  बारिश होने के कारण शीतलहर का प्रकोप भी बढ़ गया। आरएके कृषि कॉलेज में स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एसएस तोमर ने बताया कि हवाओं की दिशा अब आज से बदलकर उत्तर से हो गई है।जिसके कारण अब न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट होगी। आज अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।

 

You may have missed