एम्स भोपाल के आयुष विभाग ने भोजपुर गाँव में स्वास्थ्य शिविर का किया आयोजन : मरीजों और बच्चो ने उठाया सिद्ध चिकित्सा और योग का लाभ

भोपाल: 23 जनवरी 2025

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन में आयुष विभाग द्वारा गुरुवार को भोजपुर गाँव में एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य वंचित ग्रामीण आबादी तक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करना था। इस शिविर में आयुष की तरफ से मेडिकल आफिसर डॉ ए. एश्वर्या और योग प्रशिक्षक चंचल सूर्यवंशी उपस्थित रहेंl भोजपुर गाँव के एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के बच्चों को योग का विशेष सत्र भी कराया गयाl शिविर के दौरान परामर्श सत्र के साथ आयुष परामर्श और रोगियों को आयुष दवा का निःशुल्क वितरण किया गया। शिविर में मरीजों के लिए एक विशेष योग सत्र भी आयोजित किया गया। इसके अलावा, जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से उपस्थित लोगों को विभिन्न समग्र स्वास्थ्य समाधान के बारे में शिक्षित किया गया। स्वास्थ्य शिविर का लाभ विभिन्न आयु वर्गों और सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमियों के लोगों ने उठाया, जिनमें युवा, वयस्क और वरिष्ठ नागरिक शामिल थे। कैंप में आए कई लोग उच्च रक्तचाप, चिंता, मधुमेह और गठिया जैसी पुरानी बीमारियों से ग्रसित थे। मरीजों की प्रतिक्रिया बेहद सकारात्मक रही, जिसमें कई लोगों ने पारंपरिक प्रथाओं जैसे योग को शामिल किए जाने पर संतोष व्यक्त किया, जिसने उनकी स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए अतिरिक्त मार्ग प्रदान किए।

प्रो. सिंह ने इस स्वास्थ्य शिविर के आयोजन में आयुष विभाग के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सभी लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच और परिणामों को बेहतर बनाने में इस तरह की आउटरीच गतिविधियों को जरूरी बताया, जिससे लोगों को स्वस्थ जीवन जीने के लिए सशक्त बनाया जा सके। एम्स भोपाल अपने मिशन के तहत दूरदराज के क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाओं को प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।