February 13, 2026

एम्स भोपाल में अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग और अवैध तस्करी निरोध दिवस पर जागरूकता अभियान आयोजित

भोपाल: 26 जून 2025

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन में, 26 जून को अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग और अवैध तस्करी निरोध दिवस के अवसर पर संस्थान में एक जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया। इस जनजागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और बच्चों को नशे की लत से दूर रखना, नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के प्रति उन्हें जागरूक बनाना तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था। संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा घोषित यह दिवस हर वर्ष दुनियाभर में मादक दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के विरुद्ध वैश्विक एकजुटता एवं प्रयासों का प्रतीक है। अभियान के अंतर्गत जनजागरूकता रैली, पोस्टर प्रदर्शन, संवाद सत्र, और विद्यार्थियों की सहभागिता से विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें एम्स भोपाल के चिकित्सकों, फैकल्टी सदस्यों, नर्सिंग व मेडिकल छात्रों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने कहा, “एम्स भोपाल केवल चिकित्सा शिक्षा और उपचार का केंद्र नहीं, बल्कि निवारक स्वास्थ्य सेवा का एक सशक्त मंच भी है। मादक पदार्थों का दुरुपयोग हमारे समाज की जड़ों को खोखला करता है और विशेषकर युवा पीढ़ी को जीवन के मूल उद्देश्यों से भटका देता है। यदि हम युवाओं को सही मार्गदर्शन, जानकारी और सहयोग प्रदान करें तो वे नशे के खिलाफ एक दृढ़ दीवार बन सकते हैं। यह सामूहिक प्रयास तभी सफल हो सकता है जब हम सभी इसके लिए एकजुट हों।”

You may have missed