मध्यप्रदेश: निवेश और शांति का टापू, पुलिस अवार्ड- 2025 कार्यक्रम में हुए शामिल
भोपाल: 22 जनवरी 2025
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि आज मध्यप्रदेश को एक उत्कृष्ट निवेश गंतव्य के रूप में देखा जा रहा है। राज्य की सकारात्मक नीतियाँ, सहयोगी वातावरण, प्राकृतिक संसाधन, कुशल मानवशक्ति के साथ यहाँ का शांत वातावरण और सुदृढ़ कानून व्यवस्था इसे निवेश के लिये एक आदर्श स्थान बनाते हैं। उन्होंने कहा कि जब राज्य समृद्ध होता है तो उसके साथ चुनौतियां भी आती हैं, इसके लिये सतत सतर्क और सजग रहना आवश्यक है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल होटल मैरियट भोपाल में दैनिक भास्कर मीडिया समूह के “पुलिस अवार्ड-2025” कार्यक्रम में शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि नशा प्रदेश के लिए एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग नशे का धंधा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई कर रहा है। पुलिस विभाग के कार्यों के चलते अपराधियों के हौसले पस्त हो गए हैं, जिससे प्रदेश विकास की राह पर निरंतर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि देश के भविष्य को संवारने और सशक्त करने के लिये नशा मुक्ति के प्रयासों को सघन और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के जन-जागरूकता लाना भी अत्यंत आवश्यक है, ताकि अपराध की घटनाओं को नैतिक दबाव के माध्यम से जड़ से खत्म किया जा सके।
26 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को किया सम्मानित
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रत्येक पद महत्वपूर्ण है, और पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य कर समाज को समृद्ध और सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट भावना और कर्तव्यनिष्ठा के भावों के संचार से समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि दैनिक भास्कर मीडिया समूह केवल नकारात्मक खबरों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि सकारात्मक कार्यों और उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने 26 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया।
वर्दी का मान बढ़ाना हमारा कर्तव्य
भोपाल कमिश्नर श्री हरिनारायणचारी मिश्रा ने कहा कि जब कोई वर्दी में होता है, तो वह पूरे विभाग का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से वर्दी की गरिमा को बढ़ाने के लिए पूर्ण ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करने का आग्रह किया। कमिश्नर श्री मिश्रा ने कहा कि मीडिया का समाज पर गहरा प्रभाव होता है। उन्होंने दैनिक भास्कर द्वारा पुलिस विभाग के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने और उन्हें समाज के सामने प्रस्तुत करने के प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम में दैनिक भास्कर मीडिया समूह के चीफ एडिटर श्री सतीश सिंह उपस्थित रहे।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू