ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसा इतना भीषण था कि काफी देर तक एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार, रविवार को सुबह करीब 6 बजे ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क के अंतर्गत एक वैगनआर कार नंबर HR 51BY 1774 जिसमें 5 लोग सवार थे, उसने सेक्टर-146 मेट्रो स्टेशन के पास रोड के किनारे खराब खड़े ट्रक नंबर UP 85 CT 8591 में पीछे से तेज गति से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैगनआर कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने तत्काल राहत-बचाव कार्य करते हुए अन्य चार घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन सभी व्यक्तियों को मृत घोषित कर दिया।
पांचों मृतकों में 3 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। मृतकों की पहचान अमन पुत्र देवी सिंह उम्र करीब 27 साल; देवी सिंह पुत्र रामशाह उम्र करीब 60 साल; राजकुमारी पत्नी देवी सिंह उम्र करीब 50 साल; विमलेश पत्नी ज्ञानी सिंह उम्र करीब 40 साल और कमलेश पत्नी जीवन उम्र करीब 40 साल के रूप में हुई है। सभी मृतक दादरी के पास काशीराम कॉलोनी घोड़ी बछेड़ा के रहने वाले थे और हादसे के दौरान अपने घर वापस लौट रहे थे।
हादसे की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अफसरों ने भी घटनास्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लिय। हादसे के बाद दोनों वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटा दिया गया है। फिलहाल यातायात सुचारू रूप से चल रहा है। वहीं परिवार के पांच सदस्यों की मौत के बाद घोड़ी बछेड़ा की काशीराम कॉलोनी में मृतकों के घर में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस हादसे की जांच के लिए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

More Stories
रसूखदारों और भ्रष्ट तंत्र की मिलीभगत का पर्याय सिद्धांता हॉस्पिटल
एम्स भोपाल के आयुष विभाग ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में तीन सप्ताहीय योग गतिविधियों का शुभारंभ किया
अभाविप प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया को सौंपा ज्ञापन