एम्स भोपाल में एनएबीएच मानकों पर छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

भोपाल: 28 जनवरी 2025

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन में, संस्थान में एनएबीएच (राष्ट्रीय अस्पताल एवं स्वास्थ्य सेवा प्रदाता मानक बोर्ड) के छठे संस्करण मानकों के कार्यान्वयन पर छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दो बैचों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें डॉक्टरों, नर्सों, पैरा-मेडिकल स्टाफ और अस्पताल प्रशासन के छात्रों सहित कुल 250 स्वास्थ्य कर्मी भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण सत्रों के संचालन के लिए एनएबीएच द्वारा प्रतिष्ठित विशेषज्ञ एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) डॉ. पवन कपूर, प्रो. मोनिका गुप्ता और सुश्री ग्रेसी मैथाई को एम्स भोपाल में प्रतिनियुक्त किया गया है।

कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए प्रो. सिंह ने स्वास्थ्य सेवा गुणवत्ता प्रबंधन में संस्थान की अग्रणी पहलों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “पिछले वर्ष एम्स भोपाल ने रिकॉर्ड समय में एनएबीएच एंट्री लेवल प्रत्यायन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया और एक ही आवेदन एवं मूल्यांकन में 900 से अधिक बिस्तरों के लिए प्रत्यायन प्राप्त करने वाला देश का पहला एम्स बना। यह हमारी उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।”

प्रो. सिंह ने इस प्रशिक्षण पहल के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “इस कार्यक्रम के दौरान प्राप्त ज्ञान एम्स भोपाल को पूर्ण एनएबीएच और एनएबीएल प्रत्यायन की दिशा में आगे बढ़ने में महत्वपूर्ण योगदान देगा। मैं सभी प्रतिभागियों से आग्रह करता हूं कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं और गुणवत्ता सुधार की संस्कृति को मजबूत करने में सहयोग करें। संस्थान सभी गुणवत्ता और सुरक्षा संबंधी पहलों के लिए पूर्ण समर्थन प्रदान करेगा।” यह प्रशिक्षण कार्यक्रम एम्स भोपाल की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और रोगी सुरक्षा व देखभाल के उच्चतम मानकों का पालन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।