August 14, 2026

एम्स भोपाल में गंभीर ओडोन्टोजेनिक ट्यूमर का सफल ऑपरेशन: मरीज को मिली नई जिंदगी

भोपाल: 4 फरवरी 2025

एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन में, संस्थान निरंतर चिकित्सा देखभाल में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कर रहा है। हाल ही में, एम्स भोपाल में एक 16 वर्षीय लड़की के ऊपरी जड़बे में विकसित हो चुके गंभीर ओडोन्टोजेनिक ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया गया है। इस ट्यूमर में पिछले 6 महीनों में लगातार वृद्धि हुई, जिससे लड़की को सांस लेने, देखने और चबाने में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। ट्यूमर दांत से शुरू होकर तालु, साइनस, आंख, और नाक तक फैल गया था। लड़की खरगोन जिले के पास की एक जगह से थी, और इसके इलाज के लिए कई स्थानों पर परामर्श लिया गया था। जब यह स्थिति गंभीर हो गई, तो उसे एम्स भोपाल रेफर किया गया।

एम्स भोपाल के दंत चिकित्सा विभाग ने मरीज का 3डी सीटी स्कैन किया और जांच के आधार पर तुरंत सर्जरी की सलाह दी। ऑपरेशन की प्रक्रिया में डॉ. अंशुल राय के नेतृत्व में एक टीम ने काम किया, जिसमें डॉ. बाबूलाल, डॉ. जीतेन्द्र, डॉ. ज़ेनिश, प्रधान दीप और एनेस्थीसिया टीम के डॉ. संदीप शामिल थे। ऑपरेशन के दौरान, फाइन लूप्स का उपयोग करके इंफ्रो ऑर्बिटल नर्वस को बचाया गया और नाक एवं आंख की हड्डी को सुरक्षित रूप से निकाला गया। ऑपरेशन के बाद, मरीज को सांस लेने और आंखों से देखने में काफी राहत मिली है।

इस सफल ऑपरेशन पर प्रो. सिंह ने कहा, “यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है जो हमारी टीम की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। हम अपनी चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से ऐसे जटिल मामलों को न केवल सफलतापूर्वक हल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, बल्कि हमारे मरीजों के जीवन में सुधार लाने के लिए भी काम कर रहे हैं।” यह ऑपरेशन मरीज की स्थिति को सुधारने में बहुत महत्वपूर्ण साबित हुआ है और अब वह पहले से कहीं बेहतर महसूस कर रही है।

You may have missed