August 13, 2026

महिला सशक्तिकरण की अनूठी मिसाल : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं द्वारा संचालित ट्रेन का परिचालन

भोपाल: 7 मार्च 2025

मंडल रेल प्रबंधक श्री देवाशीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए विशेष पहल की गई है। इस अवसर पर दिनांक 08 मार्च 2025 को भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 18235) को पूरी तरह महिला स्टाफ द्वारा संचालित किया जाएगा।

यह ट्रेन भोपाल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 से प्रातः 10:15 बजे रवाना होगी। इस ऐतिहासिक क्षण में ट्रेन के लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, ट्रेन प्रबंधक (गार्ड) महिलाएं होंगी। यह पहल रेलवे में कार्यरत महिलाओं की दक्षता, क्षमता और कार्यकुशलता को दर्शाने का एक उत्कृष्ट उदाहरण होगी जिसे अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रश्मि दिवाकर हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगीं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भारतीय रेलवे विभिन्न अवसरों पर महिला कर्मचारियों को नेतृत्व की जिम्मेदारी देकर उनके कौशल को प्रोत्साहित कर रहा है।

इस विशेष अवसर पर रेलवे अधिकारी, यात्री एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण की भावना को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।

You may have missed