भोपाल: 13 मई 2025
एम्स भोपाल में कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के मार्गदर्शन में “अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस 2025” का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह दिवस प्रत्येक वर्ष 12 मई को आधुनिक नर्सिंग की जननी मानी जाने वाली फ्लोरेंस नाइटिंगेल की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम थी– “हमारी नर्सें। हमारा भविष्य। नर्सों की देखभाल अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाती है”। नर्सिंग अधीक्षक श्री अखिल टी. ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा, “नर्सिंग केवल सेवा नहीं, एक समर्पण और करुणा की अभिव्यक्ति है। हमें गर्व है कि एम्स भोपाल की नर्सिंग टीम इस भावना को पूरी निष्ठा से निभा रही है।” श्री कपिल कुमार ने “अंतरराष्ट्रीय नर्स सप्ताह 2025” के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि सप्ताह भर चले इस आयोजन में नर्सिंग स्टाफ और छात्रों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं, शैक्षणिक सत्रों और जन-जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लिया। इन्हीं गतिविधियों में एक प्रमुख आयोजन रहा – एम्स भोपाल के ब्लड बैंक क्षेत्र में “राष्ट्र सेवा में रक्तदान” विषय पर आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर। इसका उद्देश्य था जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना।
इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने कहा, “नर्सें केवल चिकित्सा सेवा नहीं देतीं, वे हर मरीज के लिए आशा और सहानुभूति की प्रतिमूर्ति होती हैं। वे स्वास्थ्य प्रणाली की रीढ़ हैं और समाज का अभिन्न स्तंभ भी। आज हमें गर्व है कि एम्स भोपाल की नर्सें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट सेवा प्रदान कर रही हैं।” कर्नल (डॉ.) अजीत कुमार (उप निदेशक, प्रशासन) ने अपने सैन्य अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा, “कठिन परिस्थितियों में भी नर्सों की करुणा और निष्ठा अद्वितीय होती है। उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाना चाहिए।” डीन (शैक्षणिक) प्रो. (डॉ.) रजनीश जोशी ने नर्सिंग शिक्षा की प्रगति और एम्स भोपाल की नर्सिंग फैकल्टी की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा, “नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि यह सेवा, समर्पण और संवेदना का प्रतीक है। हमें गर्व है कि हमारे यहां से प्रशिक्षित नर्सें देशभर में उत्कृष्ट सेवाएं दे रही हैं।” कार्यक्रम के दौरान “अंतरराष्ट्रीय नर्स सप्ताह” के अंतर्गत आयोजित – काव्य पाठ, शोध प्रस्तुतियाँ, पोस्टर प्रदर्शनी, क्विज़ प्रतियोगिता, खेलकूद आदि – में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए।

More Stories
(लीड) समाज के रक्त में लोकतंत्र है, उसे दबाने की कोशिश करने वाला मिट्टी में मिल जाएगाः भैयाजी जोशी
सारंगपुर विधानसभा को मिली विकास की सौगात, 135.42 करोड़ों की लागत से होंगे निर्माण कार्य
सोम डिस्टलरीज का लायसेंस रद्द अवैध शराब नेटवर्क को लेकर मप्र सरकार की बड़ी कार्यवाही