November 22, 2026

डॉ. विक्रम वट्टी बने एम्स भोपाल में अंगदान कार्यक्रम के अंग प्रत्यारोपण प्रभारी समन्वयक

ब्रेन-डेड मरीजों के अंगदान को बढ़ावा देने के लिए संस्थान ने शुरू की विशेष पहल, आमजन में जागरूकता के साथ स्वास्थ्यकर्मियों को भी दिया जाएगा प्रशिक्षण

भोपाल: 21 नवंबर 2026

जरूरतमंद मरीजों को अंग प्रत्यारोपण के माध्यम से नया जीवन देने और मृतक अंगदान की प्रक्रिया को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), भोपाल ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत संस्थान में ब्रेन-डेड मरीजों के अंगदान कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए सहायक प्राध्यापक डॉ. विक्रम वट्टी को कार्यक्रम का मुख्य प्रभारी अंग प्रत्यारोपण समन्वयक नियुक्त किया गया है।

डॉ. वट्टी को ब्रेन-डेड अंगदान के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने, संस्थान के विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के सहयोग से जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस पहल के तहत स्वास्थ्यकर्मियों की क्षमता विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके लिए उन्हें ब्रेन-स्टेम डेथ की पहचान, निर्धारित चिकित्सकीय प्रक्रिया के अनुसार उसकी पुष्टि और आधिकारिक घोषणा से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसका उद्देश्य अस्पतालों में संभावित अंगदाताओं की समय पर पहचान सुनिश्चित करना और अंगदान की प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाना है।

कार्यक्रम समन्वयक के रूप में डॉ. विक्रम वट्टी एम्स भोपाल के विभिन्न विभागों, बाहरी स्वास्थ्य संस्थानों और इस क्षेत्र से जुड़े अन्य हितधारकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करेंगे। इसके साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रमों, जागरूकता अभियानों और विभिन्न सहयोगात्मक गतिविधियों में भागीदारी के लिए स्वास्थ्य संस्थानों से रुचि प्रस्ताव भी आमंत्रित किए जाएंगे।

एम्स भोपाल की इस पहल का मुख्य उद्देश्य ब्रेन-डेड मरीजों के अंगदान के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाना, स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण देना और मृतक अंगदान कार्यक्रम को अधिक प्रभावी बनाना है। इससे अंग प्रत्यारोपण की प्रतीक्षा कर रहे जरूरतमंद मरीजों को जीवन बचाने वाला उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मदद मिल सकेगी।

You may have missed