August 31, 2026

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी बोले – भाजपा की एक भी गारंटी नहीं हुई पूरी, जनता आशा से देख रही कांग्रेस की ओर

भोपाल.
मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भारतीय जनता पार्टी पर एक भी गारंटी पूरी नहीं करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी की 2014 से 2023 तक कोई भी गारंटी पूरी नहीं हुई है एवं इसी कारण जनता आशा भरी निगाहों से कांग्रेस की ओर देख रही है।

पटवारी ने यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भ्रष्टाचार के खिलाफ नारे देते थे, उसके विपरीत इलेक्ट्रोरल बॉन्ड्स के जरिए सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर जो खुलासे हुए हैं, उससे प्रतीत होता है कि यह भाजपा का वैधानिक भ्रष्टाचार का उदाहरण है। भाजपा को जिन लोगों ने जो चंदा दिया है, उस सब पर चर्चा होनी चाहिए। चुनावी बांड घोटाला स्वतंत्र भारत का सबसे बड़ा घोटाला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लोगों को कई जनहित वाले कानून दिए और भाजपा ने इन कानूनों को पंगु बना दिया कांग्रेस किसानों को एमएसपी का अधिकार देगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की कोई भी गारंटी पूरी नहीं हुई है। यही कारण है कि इस बार जनता कांग्रेस की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है।

पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश में प्रदेश सरकार ने आचार संहिता लगने के पहले तक तबादले किए, परंतु उसके बाद भी कई विभागों में अधिकारी नहीं हैं। प्रभार के आधार पर व्यवस्थाएं चल रही हैं। उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन का भी दावा किया।

You may have missed