August 31, 2026

लोकसभा चुनाव: AAP पार्टी के लोकसभा में इकलौते सांसद सुशील कुमार रिंकू भी बीजेपी ज्वाइन कर सकते हैं

चंडीगढ़
लोकसभा चुनाव में वोटिंग से पहले कई सांसद और विधायक बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। अब आम आदमी पार्टी के लोकसभा में इकलौते सांसद सुशील कुमार रिंकू भी बीजेपी ज्वाइन कर सकते हैं। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। इससे पहले, बीते दिन ही पंजाब में कांग्रेस को भी तब झटका लगा, जब रवनीत बिट्टू ने पार्टी से इस्तीफा देते हुए बीजेपी ज्वाइन कर ली।

सुशील कुमार आम आदमी पार्टी से पहले कांग्रेस में भी रह चुके हैं। वह 2017 में पंजाब विधानसभा की जालंधर पश्चिम सीट से कांग्रेस विधायक रहे थे। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था और पिछले साल लोकसभा उपचुनाव में जालंधन सीट से 58 हजार से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की थी। पंजाब में लोकसभा की कुल 13 सीटें हैं, जिसपर एक ही फेज में एक जून को वोटिंग होनी है। वहीं, चार जून को लोकसभा चुनाव के नतीजों का ऐलान किया जाएगा।

बीजेपी में शामिल हुए कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू
बीते दिन पंजाब से तीन बार कांग्रेस के सांसद रहे रवनीत सिंह बिट्टू भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे। बिट्टू ने दावा किया कि लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फिर से सत्ता में लाने का मन बना लिया है। बिट्टू पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते हैं। बेअंत सिंह को राज्य में आतंकवाद विरोधी अभियान का नायक माना जाता है। पद पर रहते हुए एक आतंकवादी हमले में उनकी हत्या कर दी गई थी। बिट्टू लोकसभा में लुधियाना का प्रतिनिधित्व करते हैं। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य नेताओं की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब के लिए उनके मन में बहुत स्नेह है और वह राज्य के लिए बहुत कुछ करना चाहते हैं।

 

You may have missed