August 29, 2026

वियतनाम की रियल एस्टेट दिग्गज ट्रूंग माई लैन को धोखाधड़ी और गबन के मामले में मौत की सजा सुनाई गई

नई दिल्ली
वियतनाम की रियल एस्टेट दिग्गज ट्रूंग माई लैन को धोखाधड़ी और गबन के मामले में मौत की सजा सुनाई गई है। यह वियतनाम का अब तक का सबसे बड़ा वित्तीय धोखाधड़ी मामला है। हो ची मिन्ह शहर की एक अदालत ने रियल एस्टेट कारोबारी लैन को बृहस्पतिवार को मौत की सजा सुनाई। सरकारी मीडिया ‘थान नियेन’ ने यह जानकारी दी।

रियल एस्टेट कंपनी ‘वान थिन्ह फैट’ की 67 वर्षीय अध्यक्ष पर 12.5 अरब डॉलर की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया था, जो देश की 2022 की जीडीपी का लगभग तीन प्रतिशत है।  लैन ने 2012 से 2022 के बीच ‘साइगॉन ज्वाइंट स्टॉक कमर्शियल बैंक’ पर अवैध रूप से नियंत्रण किया ताकि हजारों मुखौटा कंपनियों की आड़ में धन का गबन किया जा सके। लैन को अक्टूबर 2022 में गिरफ्तार किया गया था। लैन पर एक दशक से भी अधिक समय तक साइगॉन कमर्शियल बैंक (एससीबी) से नकदी ठगने का आरोप लगाया गया था। उसके सह-आरोपियों की सूची में पूर्व केंद्रीय बैंकर, पूर्व सरकारी अधिकारी और पिछले एससीबी अधिकारी शामिल हैं।

लैन पर लगे आरोपों में रिश्वतखोरी, सत्ता का दुरुपयोग और बैंकिंग कानून का उल्लंघन शामिल है। हालांकि, लैन ने आरोपों से इनकार किया था और अपने अधीनस्थों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया था लेकिन अभियोजकों ने उसकी बात से इनकार करते हुए लैन के लिए मृत्युदंड की मांग की, जो ऐसे मामलों में एक दुर्लभ कदम है।

लैन वियतनाम में सरकारी हस्तियों और व्यापारिक नेताओं को निशाना बनाने वाले राष्ट्रव्यापी भ्रष्टाचार विरोधी अभियान में गिरफ्तार किए गए 85 व्यक्तियों में से एक थीं। लैन ने पिछले सप्ताह अपने अंतिम अदालती बयान में आत्मघाती विचारों का संकेत दिया था।

 

You may have missed