October 20, 2026

नेता प्रतिपक्ष पर खाद्य मंत्री बघेल का पलटवार कहा- कांग्रेस सरकार में हुआ 1200 करोड़ का धान घोटाला

रायपुर

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत के 1000 करोड़ रुपए के धान घोटाले के आरोप पर खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने पलटवार किया है. उन्होंने उल्टे कांग्रेस सरकार के 5 साल के कार्यकाल के दौरान 1200 करोड़ से अधिक के धान घोटाले का आरोप लगाते हुए नेता प्रतिपक्ष से जवाब मांगा है.

खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने मीडिया से चर्चा में कहा कि नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत को पहले कांग्रेस कार्यकाल में हुए घोटालों का जवाब देना चाहिए, फिर हमारी सरकार की चिंता करें. उन्होंने घोटाले की बात को गलत बताते हुए कहा कि संग्रहण केंद्र में जमा धान को घोटाला बताया जा रहा है.

खाद्य मंत्री ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तारीखों के संबंध में कहा कि मंत्रीमंडलीय उप समिति की बैठक में धान खरीदी पर चर्चा हुई है. 15 नवंबर या 1 दिसंबर को धान खरीदी की शुरुआत किया जाए. इस पर अंतिम निर्णय कैबिनेट में लिया जाएगा.

वहीं दयाल दास बघेल राशन घोटाले की शिकायत को लेकर कहा कि जहां भी इस तरह गड़बड़ी की शिकायत आएगी, उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी. इस मामले में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है.

You may have missed