सतना की पहचान बन गया है विंध्य व्यापार मेला- उप मुख्यमंत्री शुक्ल
भोपाल
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि विंध्य का व्यापार मेला सतना की विशेष पहचान बन गया है। आपसी सांमजस्य और भाईचारे की भावना से काम करने की ललक सतना की भव्यता को और भी बढ़ाती है। उन्होने कहा कि सतना और रीवा शहर जुड़वे भाई हैं। विंध्य क्षेत्र को विकसित करने इन दोनो ही शहरों को इंदौर और उज्जैन की भांति ट्विन सिटी के रुप में विकसित किया जायेगा। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने 11 दिवसीय विंध्य व्यापार मेला आयोजन की 6वीं संध्या का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार सहित समस्त व्यापारिक संस्थाओं के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि विंध्य क्षेत्र के विकास के लिये रीवा और सतना सहित पूरे विंध्य क्षेत्र को प्रगति की रफ्तार दी जायेगी। उन्होने कहा कि बरगी नहर का पानी सतना में लाने के प्रयास पहले से ही किये जा रहे हैं, प्रयासों में और तेजी लाई जा रही है। पद की शपथ लेते ही सबसे पहले बरगी का पानी सतना लाने और सीधी-सिंगरौली फोरलेन सड़क को गति देने के लिये वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर समय-सीमा निर्धारित की गई है।
बाणसागर के सिरसी टापू में पर्यटन हेरिटेज का कार्य 15 दिन में पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। इसके अलावा बरगी नहर की टनल के शेष बचे 1700 मीटर की खुदाई का कार्य दो माह की अवधि में पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सतना से खजुराहो तक फोरलेन सड़क स्वीकृत हो गई है। चित्रकूट से सतना और सतना से मैहर तक बनने वाली उच्च स्तरीय सड़क का काम सतना से मैहर तक पूरा हो गया है। उप मुख्यमंत्री ने विंध्य व्यापार मेले में एमपी पीएससी 2019 की परीक्षा में टॉपर सुप्रिया पाठक सहित सतना जिले के अन्य चयनित प्रतिभागियों और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया।
शिक्षा संस्कार युक्त होनी चाहिए – उप मुख्यमंत्री शुक्ल
भोपाल
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि शिक्षा के साथ आत्म विश्वास व्यक्ति को ऊंचाईयों तक ले जाता है। शिक्षा सिर्फ पढ़ाई कर बड़े पदों को प्राप्त करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। योग्य बन देश और समाज के लिये काम करना भी शिक्षा का अभिन्न अंग है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा में संस्कार का होना बहुत ही जरुरी है। संस्कार के बिना शिक्षा उस फूल की तरह है जिसमें सुगंध नहीं होती। व्यक्ति चेहरे से नहीं अपने कर्मों से सुंदर और श्रेष्ठ माना जाता है। इसलिये आने वाली पीढ़ी में शिक्षा के साथ संस्कारों को भी भरना जरुरी होता है।
उप मुख्यमंत्री सतना में लवडेल विद्यालय के वार्षिक उत्सव समारोह में संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। विद्यालय प्रबंधन द्वारा उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल को स्मृति चिन्ह भेंटकर शॉल-श्रीफल से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से जनप्रतिनिधियों ने भेंट की
भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से आज शाम विंध्य कोठी स्थित उनके निवास पर अनेक जनप्रतिनिधियों ने भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ यादव से भेंट करने वालों में सांसद गणेश सिंह, पूर्व मंत्री कमल पटेल, रामकृष्ण कुसमरिया, अंतर सिंह आर्य और रामपाल सिंह शामिल हैं। अनेक नागरिकों ने भी मुख्यमंत्री डॉ यादव से भेंट की।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू