October 30, 2026

पीडब्ल्यूडी विभाग के दुर्ग संभाग में 200 दैनिक वेतनभोगियों को मिली नौकरी

दुर्ग

लोक निर्माण विभाग के दुर्ग संभाग से नौकरी से निकाले गए दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की बहाली हो गई है। वैशालीनगर विधायक की पहल के बाद विभाग ने फिर दोबारा काम पर रख लिया है। विधायक ने पीडब्ल्यूडी के अफसरों से बात कर दैनिक वेतनभोगियों को काम पर रखने की पहल की थी। दोबारा काम मिलने पर कर्मचारी संघ के नेताओं और कर्मचारियों ने विधायक रिकेश सेन का आभार व्यक्त किया।

बता दें कि लोक निर्माण विभाग (PWD)के दुर्ग संभाग में करीब 200 दैनिक वेतन भोगियों को नौकरी से अधिकारियों ने निकाल दिया था। इससे सभी कर्मचारियों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। छत्तीसगढ़ राज्य दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी संघ के बैनर तले इन सभी कर्मचारियों ने वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन से मुलाक़ात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा था।

विधायक रिकेश सेन ने पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर उन्हें निकाले गए कर्मचारियों को वापस लेने निर्देशित किया था। नतीजतन सभी को काम पर वापस ले लिया गया है। रविवार को वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन के निवास लोकांगन पहुंच कर्मचारियों ने उनका आभार व्यक्त किया। कर्मचारी संगठन के संभागीय अध्यक्ष नरेश कुमार राजपूत ने बताया कि विधायक की पहल पर दोबारा काम मिला है। दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी संघ की तरफ से उनका आभार व्यक्त करने आए थे।

You may have missed