भोपाल
शहर में 3 ईएमई में एक खास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भूतपूर्व सैनिकों का सम्मान किया। इस कार्यक्रम में 102 रेजीमेंट इंजीनियर के जवानों ने सिख युद्ध कला का शानदार प्रदर्शन किया। जवानों के जज्बे को देखकर मुख्यमंत्री खुद को रोक नहीं पाए और मंच से उतरकर उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
इस मौके पर सुदर्शन चक्र कोर के कमांडर लेफ्टीनेन्ट जनरल प्रीतपाल सिंह ने कहा कि जो सेना अपने भूतपूर्व सैनिकों का सम्मान नहीं करती, वह कभी युद्ध नहीं जीत सकती। उन्होंने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों का अनुभव आज के जवानों के लिए बहुत कीमती है।
सीएम रखते हैं सकारात्मक सोच- सेना अधिकारी
मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि सीएम डॉक्टर मोहन यादव हमेशा सकारात्मक सोच रखते हैं और कल्याणकारी कामों के लिए तत्पर रहते हैं।
मध्य प्रदेश के वीरों ने दिए इतने चक्र
कार्यक्रम में भारतीय नौसेना अध्यक्ष एडमिरल दिनेश त्रिपाठी ने कहा कि मध्यप्रदेश वीरता की धरती है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश ने देश को 3 अशोक चक्र, 5 महावीर चक्र और 23 वीर चक्र दिए हैं। पिछले 25 सालों में 100 से ज्यादा जवानों ने देश के लिए अपनी जान न्योछावर कर दी। उन्होंने सभी भूतपूर्व सैनिकों को उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया।
परफॉर्मेंस देख तालियां नहीं रोक पाए लोग
मुख्यमंत्री ने जवानों के साथ ग्रुप फोटो भी ली। कार्यक्रम में सैन्य अधिकारियों ने भूतपूर्व सैनिकों के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा में इनका योगदान अविस्मरणीय है। कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। लोगों में भी जमकर उत्साह देखा जा रहा था। प्रदर्शन के दौरान सैनिकों ने दमदार परफॉर्मेंस दी, जिसे देखकर लोग अपनी तालियों को नहीं रोक पाए।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू