शामली
कर्ज तले दबे होटल मालिकों ने थानाभवन और उत्तराखंड में तीन जगह एटीएम काटकर चोरी का प्रयास किया था। थानाभवन पुलिस की आरोपितों से मुठभेड़ हो गई। एक के पैर में गोली लगी, जबकि तीन को पकड़ लिया। उनके पास से तमंचा, बोलेरो, कारतूस और नकदी के साथ ही सोने-चांदी के जेवर मिले हैं। आरोपित चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए आ रहे थे। एसपी ने गिरफ्तार करने वाली टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की।
पीएनबी का एटीएम काटकर किया था चोरी का प्रयास
एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि 30 सितंबरकी रात थानाभवन क्षेत्र में पीएनबी के एटीएम को काटकर चोरी का प्रयास किया गया था। आसपास जाग होने पर आरोपित फरार हो गए थे। तभी से पुलिस की टीम बदमाशों की धरपकड़ के प्रयास में जुटी थी। गुरुवार रात थानाभवन पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी एक बोलेरो को रुकने का इशारा किया तो उन्होंने फायरिंग कर दी। बदमाश हसनपुर लुहारी की ओर फरार हो गए। टीम ने घेरकर उनको पकड़ लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी। एसपी ने बताया कि आरोपित अक्षय कुमार निवासी गांव दूधली थाना चरथावल जिला मुजफ्फरनगर, तन्मय व अस्मित भंडारी निवासी तपोवन लक्ष्मण झूला थाना मुनी की रेती जिला टिहरी गढ़वाल उत्तराखंड और आशीष निवासी गांव सपूलिया थाना सिंधोली जनपद शाहजहांपुर है। आशीष के पैर में गोली लगी है। वह गुरुवार रात भी चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए आए थे। चारों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया।
अक्षय ने दो होटल किराये पर ले रखे हैं
एसपी ने बताया कि अक्षय कुमार ने उत्तराखंड के तपोवन क्षेत्र में दो होटल किराये पर ले रखे हैं, जिनमें से एक तन्मय शर्मा का है, जबकि एक अन्य का है। एक होटल का किराया एक लाख रुपये और दूसरे का 40 हजार रुपये प्रति माह है। उसे काफी समय से नुकसान चल रहा था, इसलिए चोरी की योजना बनाई थी। इसी तरह से अस्मित का भी एक होटल तपोवन क्षेत्र में है। आशीष तपोवन में अक्षय के होटल में मैनेजर है।
सात लाख रुपये सट्टे में हार गया था
पूछताछ में तन्मय ने बताया कि उसने अपना होटल किराये पर आशीष को करीब एक साल से दे रखा है। कुछ समय से वह आन लाइन सट्टा लगा रहा है, जिसमें उसे करीब सात लाख रुपये का नुकसान हो चुका है। एसपी ने बताया कि अक्षय और अस्मित का काम भी सही नहीं चल रहा था, इसलिए तन्मय के कहने पर ही सभी ने चोरी की योजना बनाई थी।

More Stories
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू
अशोकनगर बायपास परियोजना में करोड़ों के भूमि घोटाले की आशंका! एलायमेंट बदलने, गरीबों की पट्टे की जमीनों की बिक्री और भूमाफियाओं की कथित खरीद-फरोख्त पर उठे गंभीर सवाल