चेन्नई
तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में गुरुवार को एक पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में विस्फोट में पांच महिलाओं सहित आठ श्रमिकों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। हादसा शिवकाशी के पास सेंगामालापट्टी गांव में श्री सुदर्शन फायरवर्क्स में हुआ। सरवनन के स्वामित्व वाली इकाई में 40 से अधिक वर्किंग शेड हैं।
गुरुवार दोपहर जब कर्मचारी वर्किंग शेड में फैंसी किस्म के पटाखे बना रहे थे, तभी घर्षण के कारण विस्फोट हो गया। आग आसपास के शेडों में फैल गई। सूचना मिलने पर अग्निशमन और बचाव सेवा कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। घायलों को शिवकाशी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने एक बयान में कहा कि वह विस्फोट में आठ श्रमिकों की मौत से दुखी हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने जिला कलेक्टर को आवश्यक बचाव अभियान चलाने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि घायलों को उचित उपचार प्रदान किया जाए।
स्टालिन ने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण चुनाव आयोग से अनुमति लेने के बाद मृत लोगों के परिवार के सदस्यों को सरकार की राहत सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। शिवकाशी को भारत के आतिशबाजी विनिर्माण केंद्र के रूप में जाना जाता है। यहां से पुरे देश में पटाखे, सेफ्टी माचिस और स्टेशनरी वस्तुएं बनकर जाती हैं।

More Stories
भारतीय रेल तेज, सुरक्षित और आधुनिक—आम आदमी की सवारी: रेल मंत्री
‘24 स्पीड पोस्ट’, ‘48 स्पीड पोस्ट’ तथा ‘24 स्पीड पोस्ट पार्सल’ सेवाओं का शुभारंभ
सरल सौम्य एवं मधुर स्वभाव के वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र मिश्रा को गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर जयपुर में “राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार–2026”