भोपाल
अरेरा हिल्स स्थित सतपुड़ा भवन में मंगलवार को आग लग गई, जिससे आसपास के कार्यालयों में हड़कंप मच गया। अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने कार्यालय से बाहर आ गए। आग की सूचना मिलते ही मौके पर करीब आठ दमकलें भेजी गईं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
बता दें कि बीते 12 जून 2023 को सतपुड़ा भवन की छठवीं मंजिल पर स्थित स्वास्थ्य एवं आदिम जाति कल्याण विभाग में आग लगी थी। आग तो दूसरे दिन बुझा ली गई, लेकिन कचरा नौ महीने बाद भी नहीं हटाया गया। हालांकि यहां से कार्यालय दूसरे कमरों में शिफ्ट कर दिए गए थे। इस कारण अधिकारी-कर्मचारी धूम्रपान करने इस जगह पर पहुंचते हैं।
दमकलकर्मियों का कहना है कि बीते वर्ष आग लगने के बाद से यहां बिजली की सप्लाई भी बंद है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि किसी ने बीड़ी-सिगरेट पीने के बाद यहां फेंका होगा, जिससे कचरे में आग लग गई और धुंआ उठने लगा। इसे देखकर ही फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी गई थी।
नौ माह पहले लगी थी भीषण आग
करीब नौ माह पहले सतपुड़ा भवन में आग लगने से तीसरे, चौथे, पांचवें और छठवें माले पर स्थित कार्यालयों में रखे सभी दस्तावेज, कम्प्यूटर, टेबल, कुर्सियां और एसी समेत अन्य सामान जल गया था। इस पर काबू पाने के लिए सीआइएसएफ, एयरपोर्ट, भेल और नगर निगम समेत आसपास के जिलों से 50 दमकलें बुलाई गई थीं। करीब 20 घंटे के बाद इस आग पर काबू पाया गया था।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू