October 20, 2026

आईआईटी बॉम्बे के छात्रों ने ‘राहोवन’ नाम के नाटक में राम-सीता का अपमान, छात्रों पर लगाया 1.2 लाख का फाइन

 मुंबई

आईआईटी बॉम्बे ने रामायण पर कथित तौर पर आपत्तिजनक नाटक का मंचन करने के लिए छात्रों पर भारी-भरकम जुर्माना लगाया है. इस नाटक का मंचन आईआईटी बॉम्बे के सालाना आर्ट फेस्टिवल में 31 मार्च को किया गया था.

आईआईटी बॉम्बे के छात्रों ने 'राहोवन' नाम के नाटक में हिस्सा लिया था. इस नाटक को लेकर कुछ शिकायतें मिली थीं. आरोप है कि नाटक में छात्रों ने राम और सीता के किरदारों को आपत्तिजनक तरीके से दर्शाया था. हालांकि, छात्रों का समर्थन करने वाले छात्रों का कहना है कि यह नाटक प्रगतिशील था, जिसे सभी ने काफी सराहा.

इस नाटक को लेकर की गई शिकायतों में कहा गया है कि इससे हमारी संस्कृति और धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. इन शिकायतों के बाद अनुशासनात्मक समिति की बैठक बुलाई गई. जिन छात्रों के खिलाफ शिकायतें की गई हैं, उन छात्रों को भी इस बैठक में बुलाया गया था. इस दौरान काफी विचार-विमर्श के बाद समिति ने कड़ा एक्शन लेने का फैसला लिया.

इसके तहत सीनियर छात्रों पर 1.2-1.2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया. जूनियर छात्रों पर 40,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया. साथ ही उन्हें होस्टल सुविधाओं से भी महरूम कर दिया गया. कहा जा रहा है कि इस मामले में सात छात्रों को दंडित किया गया है.

छात्रों के खिलाफ इस एक्शन पर आईआईटी बॉम्बे ने कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है.

 

You may have missed