उज्जैन
उज्जैन शहर ही नहीं बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों कुछ ऐसे लोग सक्रिय हैं, जो धर्म के नाम पर वृद्धजनों को अपनी बातों में उलझाते हैं और फिर इनके गहने उतरवाकर महज कुछ मिनटों मे ही रफूचक्कर हो जाते हैं।
इंगोरिया थाना क्षेत्र स्थित राम मंदिर में एक वृद्धा के साथ पूजा पाठ के नाम पर आभूषणों की ठगी हुई थी। अभी पुलिस इस पूरे मामले को सुलझा भी नहीं पाई थी, कि बुधवार शाम फ्रीगंज क्षेत्र में भी एक वृद्धा को कुंडली में लक्ष्मी दोष बताकर कुछ लोगों ने अपनी बातों में उलझाया और चार लाख के गहने पार कर दिए। वृद्धा ने ठगों के कहने पर आभूषण एक रुमाल में रखकर धोखेबाजों के हाथ में दे दिए। लेकिन जब तक वृद्धा को अपने साथ ठगी होने की जानकारी लगती तब तक यह धोखेबाज वहां से जा चुके थे।
माधवनगर थाना प्रभारी मनीष लोधा ने जानकारी देते हुए बताया कि राजकुमारी शहीद पार्क स्थित गणेश मंदिर पर दर्शन करने आई थी। जहां हार फूल वाली गली में उन्हें दो लोग मिले। जिन्होंने राजकुमारी शर्मा को कुछ ऐसी बातें बताई जिससे उन्हें इन लोगों पर विश्वास हो गया। धोखेबाजों को जब लगा कि वृद्धा अब उनकी बातों पर भरोसा कर सकती है, तो उन्होंने तुरंत वृद्धा को कुंडली में लक्ष्मी दोष होने की जानकारी दी और बताया कि इसके लिए तुम्हें अपने हाथों में पहनी तीन सोने की अंगूठी, एक सोने की चेन और सोने के दो हाथ के कड़े उतारकर रखना पड़ेंगे। धोखेबाजों की बातों में आकर वृद्धा ने सभी आभूषण और 3000 नकदी कपड़े में बांधकर रख दी। जिसकी कीमत लगभग चार लाख थी। यह आभूषण और नकदी वृद्धा ने इन धोखेबाजों के हाथ में रख दी और वह धोखेबाजों के कहने के अनुसार 80 कदम बिना पीछे मुड़े चलने लगी। इसी दौरान जब वृद्धा को आभास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हो सकती है तो उसने तुरंत पीछे मुड़कर देखा तब तक यह धोखेबाज सारी रकम लेकर रफूचक्कर हो गए थे। वृद्धा ने कुछ लोगों के साथ थाने पहुंचकर दोनों धोखेबाजों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज करवाया है।
फुटेज से होगी धोखेबाजों की पहचान
बताया जाता है कि इस घटना के बाद माधव नगर थाना प्रभारी मनीष लोधा खुद वृद्धा को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने इस घटना से संबंधित जानकारी हासिल करने का प्रयास किया था, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह घटना घटित हुई है, वहां कई सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिनके फुटेज पुलिस आज (गुरुवार) निकालेगी और फुटेज के माध्यम से इन धोखेबाज का पता लगाया जाएगा।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू