August 27, 2026

आज से इंदौर में इंडिया स्मार्ट सिटीज कॉन्क्लेव 2023

इंदौर

केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय आज 26 और 27 सितंबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में इंडिया स्मार्ट सिटीज कान्क्लेव 2023 आयोजित कर रहा है। इसमें उन सभी 100 स्मार्ट शहरों की भागीदारी देखी जाएगी जो शहरी नवाचार में आगे रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 27 सितंबर को इंडिया स्मार्ट सिटीज पुरस्कार प्रतियोगिता आइएसएसी 2022 के विजेताओं को सम्मानित करेंगी।

कान्क्लेव में मप्र के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीपसिंह पुरी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय इलेक्ट्रानिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी, संचार एवं रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय आवास और शहरी कार्य राज्य मंत्री कौशल किशोर और प्रदेश के शहरी विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह शामिल होंगे। आयोजन में देश के 100 स्मार्ट शहरों के महापौर, आयुक्त, स्मार्ट सिटी मिशन से जुड़े अधिकारी भी उपस्थित होंगे।

परियोजनाओं की प्रदर्शनी का भी होगा उद्घाटन
26 सितंबर को आइएसएसी 2022 के तहत पुरस्कार विजेता परियोजनाओं का प्रदर्शन करने वाली एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। स्मार्ट शहरों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीइओ) के साथ संवाद और इंदौर तथा उज्जैन में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत कार्यान्वित परियोजनाओं का स्थल दौरा होगा। 27 सितंबर को मुख्य अतिथि द्वारा आइएसएसी 2022 पुरस्कारों का वितरण किया जाएगा। इसमें पांच राज्यों/केन्द्र शासित प्रदेशों और 31 विशिष्ट शहरों और 7 भागीदार संगठनों को पुरस्कृत किया जाएगा। आइएसएसी पुरस्कारों के कुल 66 विजेता हैं।

You may have missed