इंदौर
शहर में मेट्रो का ट्रायल रन 30 सितंबर को शाम पांच बजे से होगा। गांधीनगर स्टेशन से सुपर कारिडोर के स्टेशन नंबर तीन तक 5.9 किलोमीटर की दूरी तक मेट्रो कोच को वायडक्ट व मेट्रो स्टेशन पर चलाया जाएगा। मेट्रो कोच में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान व अधिकारी बैठकर ट्रायल रन के रूट तक सफर करेंगे।
ट्रायल रन को आठ से दस हजार शहरवासियों को भी दिखाया जाएगा। इनमें छह से सात हजार लोग मेट्रो डिपो परिसर में होने वाले कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। हर वार्ड से करीब 50-50 लोगों सहित हर वर्ग के लोगों को इस आयोजन में लाया जाएगा। शैक्षणिक संस्थान, व्यापारिक संगठन, एसोसिएशन व चिकित्सकों के अलग-अलग समूहभी इस आयोजन के साक्षी बनेंगे।
सुपर कारिडोर पर मेट्रो के ट्रायल रन के रूट पर अलग-अलग स्थानों पर मंच पर बैठकर लोग मेट्रो को चलता हुआ देख सकेंगे। गुरुवार को इस संबंध में जिला प्रशासन के अधिकारी अलग-अलग संगठनों व एसोसिएशन से चर्चा करेंगे। करीब 300 बसों के माध्यम से शहरवासियों को सुपर कारिडोर पर इस आयोजन के लिए ले जाया जाएगा।
राजवाड़ा व छप्पन पर लाइव देख सकेंगे
मेट्रो के ट्रायल रन को लेकर प्रशासन उत्साहित है। इस उत्साह से जनता को भी जोड़ने के लिए राजवाड़ा व छप्पन दुकान परिसर में मेट्रो के ट्रायल रन को लाइव दिखाने की तैयारी है। इसके लिए दोनों स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाए जाने की तैयारी है। बुधवार शाम मेट्रो रेल कार्पोरेशन लिमिटेड के एमडी मनीष सिंह ने गांधीनगर डिपो परिसर में आयोजन की तैयारी का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सांसद शंकर लालवानी, कलेक्टर इलैया राजा और निगमायुक्त हर्षिका सिंह भी मौजूद थीं।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू