October 20, 2026

मुजफ्फरनगर में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्रा की कथित तौर पर हत्या

मुजफ्फरनगर

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के एक निजी मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस प्रथम वर्ष की एक छात्रा की मंसूरपुर थाना क्षेत्र में कथित तौर पर हत्या कर दी गयी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामले में एमबीबीएस के एक छात्र को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार औरैया जिले के निवासी राहुल चौहान की बेटी कीर्तिका (22) का शव बृहस्पतिवार देर रात जिले के मंसूरपुर थाने के बेगराज़पुर गांव में रेल पटरी के पास बरामद हुआ। परिजनों ने एमबीबीएस के एक छात्र पर हत्या का आरोप लगाया है।

पुलिस अधीक्षक (नगर) सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर एमबीबीएस छात्र कुणाल सैनी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 366 (अपहरण), 302 (हत्या) और 201 (साक्ष्‍यों को गायब करना) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मेडिकल कॉलेज के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी प्रसन्नजीत ने बताया कि छात्रों की गिनती के दौरान कीर्तिका चौहान अपने हॉस्टल से गायब पाई गईं।

उन्होंने पुलिस को सूचित किया गया और तलाशी के दौरान उनका शव मुजफ्फरनगर मेडिकल कालेज के हॉस्टल के पीछे रेल पटरी के पास मिला। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में छात्रा हॉस्टल से छात्र कुणाल के साथ जाती हुई दिखी, पीड़ित परिवार द्वारा पुलिस में दर्ज करायी गयी प्राथमिकी के अनुसार उसकी हत्या आरोपी कुणाल ने की है। छात्रा औरैया की रहने वाली थी और मुज़फ़्फ़रनगर मेडिकल कॉलेज बेगराजपुर में एमबीबीएस के पहले वर्ष में पढ़ रही थी।

You may have missed