भोपाल: 19 अप्रैल 2025
मंडल रेल प्रबंधक श्री देवाशीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आज दिनांक 19 अप्रैल 2025 को बीना रेलवे स्टेशन पर गर्मी के मौसम में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नि:शुल्क जल वितरण सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह सेवा प्रतिदिन प्रातः से सायं तक बीना स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों पर संचालित की जाएगी।
इस पुनीत कार्य की शुरुआत बीना एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की कुल 8 सामाजिक संस्थाओं के समन्वय से की गई है, जो समर्पित भाव से यात्रियों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य कर रही हैं। बीना स्टेशन को यात्री सुविधा केंद्र के रूप में और अधिक प्रभावशाली बनाने की दिशा में यह एक सराहनीय पहल है।
शुभारंभ अवसर पर स्टेशन प्रबंधक बीना श्री संतोष शर्मा, मंडल वाणिज्य निरीक्षक श्री मधुकर निगम, स्टेशन प्रबंधक वाणिज्य श्री आशीष अवस्थी एवं बीना क्षेत्र की सभी प्रमुख सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने जल सेवा कार्य में सहभागिता करने वाले स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया एवं यात्रियों को सहज जल उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि— “बीना स्टेशन पर यह सेवा गर्मी के सम्पूर्ण मौसम में निरंतर जारी रहेगी तथा रेल प्रशासन यात्रियों को स्वच्छ जल उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध है।”
रेल प्रशासन द्वारा इस सेवा के माध्यम से न केवल यात्रियों को राहत प्रदान की जा रही है, बल्कि सामाजिक सहभागिता का एक सशक्त उदाहरण भी प्रस्तुत किया गया है।

More Stories
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू
अशोकनगर बायपास परियोजना में करोड़ों के भूमि घोटाले की आशंका! एलायमेंट बदलने, गरीबों की पट्टे की जमीनों की बिक्री और भूमाफियाओं की कथित खरीद-फरोख्त पर उठे गंभीर सवाल
167वें आयकर दिवस पर राष्ट्र निर्माण में करदाताओं की भूमिका का संदेश, उत्कृष्ट खिलाड़ियों और विद्यार्थियों का हुआ सम्मान