October 22, 2026

लोकसभा चुनाव तक सांसद- विधायक अपनी निधि का उपयोग नहीं कर सकेंगे : चुनाव आयोग

भोपाल
लोकसभा चुनाव तक सांसद- विधायक अपनी निधि का उपयोग नहीं कर सकेंगे। भारत निर्वाचन आयोग ने सांसद एवं विधायक निधि से व्यय करने पर रोक लगा दी है। जब तक लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया जारी है तब तक लोकसभा एवं राज्यसभा सदस्य एवं विधायकों की लोकल एरिया डेवलपमेंट फंड से राशि नहीं जारी की जा सकेगी। इस संबंध में मध्य प्रदेश सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभाग प्रमुखों को आयोग के नवीन निर्देशों से अवगत करा दिया है।

इस फंड से जो कार्य क्रियाशील हैं, उनमें भी उक्त फंड से राशि जारी नहीं की जा सकेगी। इसी तरह जिन कार्यों में निर्देश जारी होने के पूर्व वर्क आर्डर जारी हो गए हैं उनमें कार्य शुरू नहीं किया जाएगा और चुनाव प्रक्रिया खत्म होने के बाद ही कार्य प्रारंभ किए जा सकेंगे।
 
लेकिन जो कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उनमें उक्त फंड से भुगतान किया जा सकेगा। जिन कार्यों में निर्माण योजना स्वीकृत हो गई है और फंड जारी कर दिया गया है एवं सामग्री निर्माण स्थल पर पहुंच गई है, उनमें निर्माण कार्य किए जा सकेंगे।

You may have missed