November 24, 2026

सड़क निर्माण में लापरवाही पर एमपीआरडीसी सख्त, मुरैना-बुरहानपुर में अभियंताओं को नोटिस; ठेकेदारों पर होगी ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई

एमडी भरत यादव ने सात जिलों के 35 निर्माण कार्यों के औचक निरीक्षण प्रतिवेदनों की समीक्षा की; 22 कार्यों में गुणवत्ता सुधारने के निर्देश, खराब सड़कों और निर्माण कार्यों पर जताई नाराजगी

भोपाल: 24 नवंबर 2026

मध्यप्रदेश में लोक निर्माण विभाग के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) के प्रबंध संचालक (एमडी) भरत यादव ने सात जिलों में किए गए 35 निर्माण कार्यों के औचक निरीक्षण प्रतिवेदनों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। समीक्षा के दौरान 22 निर्माण कार्यों में आवश्यक सुधार कराने और निरीक्षण दलों द्वारा की गई अनुशंसाओं का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

निर्माण कार्यों में लापरवाही और गुणवत्ता संबंधी गंभीर कमियां पाए जाने पर मुरैना और बुरहानपुर जिले के संबंधित कार्यपालन यंत्रियों, अनुविभागीय अधिकारियों एवं उपयंत्रियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई करने के लिए मुख्य अभियंताओं को निर्देशित किया गया है।

**सात जिलों में 35 निर्माण कार्यों का हुआ औचक निरीक्षण**

दरअसल, लोक निर्माण विभाग की गुणवत्ता सुधार कार्ययोजना के तहत 20 नवंबर को मुख्य अभियंता के नेतृत्व में सात निरीक्षण दल गठित किए गए थे। इन दलों ने प्रदेश के सात जिलों विदिशा, छिंदवाड़ा, मुरैना, बुरहानपुर, मैहर, मंदसौर और दमोह में कुल 35 निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया था।

निरीक्षण में लोक निर्माण विभाग की सड़क एवं पुल शाखा के 21, परियोजना क्रियान्वयन इकाई के पांच, मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के छह, मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के दो तथा राष्ट्रीय राजमार्ग का एक निर्माण कार्य शामिल था।

**मुरैना और बुरहानपुर में निर्माण गुणवत्ता पर सख्ती**

समीक्षा के दौरान मुरैना जिले के 3.50 किलोमीटर लंबे खेड़ा मेवदा–मीरापुर मार्ग तथा बुरहानपुर जिले के 1.50 किलोमीटर लंबे बोहरदा–मोहनासंगम मार्ग का निर्माण कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया। इस पर संबंधित कार्यपालन यंत्रियों, अनुविभागीय अधिकारियों और उपयंत्रियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। दोनों मार्गों के निर्माण से जुड़े ठेकेदारों के विरुद्ध ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई करने के लिए संबंधित मुख्य अभियंताओं को कहा गया।

इसके अलावा बुरहानपुर जिले में निंबोला–मगरूल–थाथरबाल्डी–उतांबी–बोरी बुजुर्ग मार्ग के मजबूतीकरण कार्य तथा नाचनखेड़ा–अडगांव और दरियापुर–जशोंधी (महाराष्ट्र सीमा) मार्गों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इन कार्यों में कमियां सामने आने पर संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध भी ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

**दमोह में कंसल्टेंट और ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश**

दमोह जिले में निर्माणाधीन 73.265 किलोमीटर लंबे दमोह–हटा–गैसाबाद–सिमरिया मार्ग की समीक्षा के दौरान भी गुणवत्ता संबंधी कमियों को गंभीरता से लिया गया। एमडी भरत यादव ने संबंधित कंसल्टेंट के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई के निर्देश दिए।

**गुणवत्तापूर्ण कार्य के लिए तत्कालीन कार्यपालन यंत्री की सराहना**

समीक्षा बैठक में जहां खराब निर्माण कार्यों पर सख्ती दिखाई गई, वहीं बेहतर गुणवत्ता वाले कार्यों की सराहना भी की गई। विदिशा जिले में निर्माणाधीन झारखेड़ा–बेरसिया–ढोलखेड़ी मार्ग का कार्य गुणवत्तापूर्ण पाया गया। इस कार्य के लिए तत्कालीन कार्यपालन यंत्री दीपक असाटी की सराहना की गई।

**लोकपथ और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर चार दिन में कार्रवाई के निर्देश**

एमडी भरत यादव ने समीक्षा बैठक में लोकपथ ऐप पर प्राप्त शिकायतों का निराकरण निर्धारित चार दिन की समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण के बाद संबंधित शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी दी जाए और उनकी संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण की समीक्षा मुख्य अभियंता एवं अधीक्षण यंत्री स्तर पर की जाएगी, ताकि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

**दुर्घटना संभावित स्थलों पर तत्काल सुधार के निर्देश**

बैठक में प्रदेश के दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) पर सड़क सुरक्षा से जुड़े सुधार कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे ऐसे स्थलों के लिए तत्काल प्रभाव से किए जाने वाले उपायों और दीर्घकालीन स्थायी सुधारों की अलग-अलग कार्ययोजना तैयार कर उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

**आगामी परियोजनाओं में यात्री सुविधाओं और गौशालाओं के लिए चिह्नित होगी भूमि**

एमडी भरत यादव ने एमपीआरडीसी की आगामी सड़क परियोजनाओं को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नई परियोजनाओं में मार्गों के किनारे यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक सुविधाओं के विकास तथा गौशालाओं के निर्माण की संभावनाओं को भी शामिल किया जाए। इसके लिए उपयुक्त भूमि का पहले से चिह्नांकन करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

समीक्षा बैठक में भरत यादव ने स्पष्ट संदेश दिया कि सड़क एवं अन्य निर्माण परियोजनाओं में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निरीक्षण में मिली कमियों को दूर करने के साथ जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों की जवाबदेही तय की जाएगी।

You may have missed