नई दिल्ली
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने मध्य प्रदेश में एक पोल्ट्री फार्म को कुर्क किया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर आईएसआईएस से प्रभावित आतंकवादी समूह 'सूफा' के सदस्य कर रहे थे। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एनआईए के एक प्रवक्ता ने बताया कि राजस्थान में आतंकवादी वारदातों को अंजाम देने की साजिश के संबंध में मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जुलवानिया गांव में इमरान खान नामक व्यक्ति के पोल्ट्री फार्म को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत कुर्क किया गया है।
प्रवक्ता के मुताबिक, 'सूफा' के सदस्य इस पोल्ट्री फार्म का इस्तेमाल समूह में शामिल किए गए लोगों को कट्टरपंथी बनाने और उन्हें आईईडी के निर्माण का प्रशिक्षण देने के लिए करते थे।
एनआईए ने पिछले साल 22 सितंबर को इमरान खान और 10 अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था। केंद्रीय जांच एजेंसी ने आईईडी बनाने में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटक और घटक जब्त भी किए थे।
एनआईए प्रवक्ता ने बताया कि अप्रैल 2022 में अस्तित्व में आए 'सूफा' के सदस्यों के खिलाफ राजस्थान में आतंकवादी वारदातों को अंजाम देने की कथित साजिश रचने के संबंध में मामला दर्ज किया गया था।
प्रवक्ता के अनुसार, जांच से पता चला है कि 'सूफा' के सदस्य आतंकवादी संगठन आईएसआईएस की गतिविधियों से प्रभावित हैं और 'जिहादी विचारधारा' का समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा, ''सूफा के सदस्यों ने इलाके के अन्य युवाओं को भी उनके समूह में शामिल होने के लिए उकसाया था।''

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू