October 30, 2026

मरवाही के जंगल से एक बार फिर नर भालू की मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की सही वजहों का होगा खुलासा

गौरेला पेंड्रा मरवाही

मरवाही के जंगल से एक बार फिर नर भालू की मौत की खबर सामने आई है। वनमंडल के मरवाही वनपरिक्षेत्र के पंडरी बीट में इस नर भालू की मौत हुई है, लेकिन मौत के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। वन विभाग की जानकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

मौजूदा जानकारी के आधार पर कहा जा रहा है कि दो भालुओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई के बाद एक भालू की मौत हुई हो सकती है। मरवाही वनमंडल के डीएफओ रौनक गोयल ने बताया कि कम उम्र के नर भालू की मौत हुई है और वन विभाग के डॉक्टरों द्वारा उसका परीक्षण कर पोस्टमार्टम किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की जानकारी दी जा सकेगी।

गौरतलब है कि मरवाही क्षेत्र को भालुओं का गढ़ माना जाता है। पिछले सप्ताह भी इसी क्षेत्र में एक भालू ने 3 दिनों के भीतर 5 लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जबकि 2 लोगों की जान ले ली थी। वन विभाग ने उस भालू को रेस्क्यू कर बिलासपुर के कानन पेंडारी भेजा था, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई थी।

मरवाही क्षेत्र में लगातार भालुओं की संख्या में गिरावट चिंताजनक है। अवैध उत्खनन, अंधाधुंध वनों की कटाई और जंगली जानवरों के रहवास में हो रहे दखल की वजह से भालू और अन्य जानवर भोजन की तलाश में आबादी वाले इलाकों की ओर जा रहे हैं, जिससे इंसानों और जानवरों के बीच संघर्ष की घटनाएं बढ़ रही हैं।

You may have missed