इंदौर
देश के सबसे स्वच्छ शहर में पड़ रही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी को लेकर चिंता जताते हुए सूबे के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बृहस्पतिवार को कहा कि इंदौर में हरियाली बढ़ाने के लिए निकट भविष्य में महज चार घंटे के भीतर 51 लाख पौधे लगाए जाएंगे।
विजयवर्गीय ने अपने गृहनगर इंदौर में संवाददाताओं से कहा,''आने वाली पीढ़ियों के खातिर शुद्ध प्राण वायु की उपलब्धता और प्रदूषण से मुक्ति के लिए शहर में हरित क्रांति अभियान चलाया जाना बेहद जरूरी है। इसलिए हमने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर फैसला किया है कि हम निकट भविष्य में शहर में चार घंटे के भीतर 51 लाख पौधे लगाएंगे।''
विजयवर्गीय ने कहा कि पौधरोपण के इस कारनामे को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने की कोशिश भी की जाएगी। नगरीय विकास मंत्री ने कहा कि इंदौर में आबादी के मौजूदा दबाव के हिसाब से शहर में लगभग 25 करोड़ पेड़ होने चाहिए, लेकिन इनकी तादाद चार-पांच करोड़ पर सिमट गई है। विजयवर्गीय ने कहा कि अगले चार-पांच साल के दौरान शहर में 25 करोड़ पौधे लगाए जाने की जरूरत है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शहर में 23 मई को दिन का अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मई माह में आठ साल बाद का रिकॉर्ड स्तर था।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू