उज्जैन
नोटों की वर्षा करवाने का झांसा देकर तीन बदमाशों ने ओडिशा के एक परफ्यूम व केबल व्यापारी को लूट लिया। मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
यह है मामला
पुलिस के अनुसार 58 वर्षीय मनोज पुत्र प्रशांत मोहंती निवासी ओडिशा हाल मुकाम महर्षिपुरम सिंकदराबाद आगरा परफ्यूम व केबल का कारोबार करता है। आठ माह पूर्व मनोज उज्जैन आकर ओंकारेश्वर गया था। यहां उसकी मुलाकात 47 वर्षीय महेश पुत्र दशरथ गुर्जर निवासी ग्राम बांगड़दा (सनावद, खरगोन) से मुलाकात हुई थी।
आरोपित ने यह झांसा दिया
महेश ने उसे झांसा दिया था कि उसका परिचित तांत्रिक नोटों की वर्षा करवाता है। 3.51 लाख रुपये देने पर साढ़े तीन करोड़ रुपये मिल जाएंगे। मनोज कुछ दिन पूर्व उसके झांसे में आ गया और उसने तीन लाख रुपये महेश को दे दिए थे।
मारपीट कर 40 हजार रुपये व मोबाइल छीना
29 दिसंबर को महेश ने उसे पहले सीहोर फिर इसके बाद उसके समीप के पार्वती स्टेशन बुलाया था। जहां महेश, 50 वर्षीय छगनलाल पुत्र बद्रीप्रसाद निवासी शीतल विहार कालोनी सीहोर व 47 वर्षीय महबूब पुत्र सलाम खां निवासी ग्राम मनाखेड़ा सीहोर ने मारपीट कर 40 हजार रुपये व मोबाइल छीन लिया था।
उज्जैन जीआरपी को शिकायत की थी
मनोज ने इसकी शिकायत उज्जैन जीआरपी को की थी। मनोज के पास फोटो था, जिसमें एक आरोपित बाइक पर नजर आ रहा था। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस ने महेश को ओंकारेश्वर तथा छगन व महबूब को सीहोर से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.40 लाख रुपये व मोबाइल बरामद कर लिया है। आरोपितों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू