October 19, 2026

महाराष्ट्र में जलगांव जिले के जामनेर में पुलिस थाने पर पथराव, 14 पुलिसकर्मी घायल

महाराष्ट्र
महाराष्ट्र में जलगांव जिले के जामनेर में छह वर्षीय बच्ची के यौन उत्पीड़न और उसकी हत्या के आरोप में गिरफ्तार एक व्यक्ति को सौंपे जाने की मांग कर रहे कुछ लोगों के एक समूह ने पुलिसकर्मियों पर कथित तौर पर पथराव किया जिसमें कम से कम 14 पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पथराव की यह घटना बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े नौ बजे जामनेर पुलिस थाने के बाहर हुई। एक अधिकारी ने बताया, ‘‘जामनेर के चिंचखेड़ा शिवार गांव में 11 जून की रात छह साल की बच्ची का कथित तौर पर अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर घटनास्थल से फरार हो गया था।''

उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस ने आरोपी की तलाश की और उसे बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर बच्ची के परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और स्थानीय लोग पुलिस थाने के बाहर इकट्ठा हो गए और उन्होंने आरोपी को उन्हें सौंपने की मांग की ताकि वे उसे जघन्य अपराध के लिए दंडित कर सकें।'' उन्होंने बताया कि लोगों ने थाने के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया लेकिन कुछ देर बाद उन्हें पता चला कि पुलिस ने आरोपी को किसी सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है, इससे भीड़ आक्रोशित हो गई और उनमें से कुछ ने थाने पर पथराव किया।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘समूह के कुछ लोगों ने पुलिस पर हमला भी किया और आगजनी कर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।'' उन्होंने बताया कि घटना में एक निरीक्षक समेत कम से कम 14 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया। घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

 

You may have missed