उन्नाव
उत्तर प्रदेश में उन्नाव जिले के अचलगंज क्षेत्र में पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने सोमवार को एक सशस्त्र मुठभेड़ में सुल्तानपुर में सर्राफ लूट कांड में एक लाख रुपये की इनामी राशि वाले आरोपी को ढेर कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह ने बताया कि आज तड़के करीब चार बजे एसटीएफ लखनऊ की टीम के साथ सुल्तानपुर में भरत ज्वैलर्स की दुकान में लूट के आरोपियों के साथ अचलगंज क्षेत्र में मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हुआ है जबकि दूसरा मौके से भाग निकलने में सफल रहा।
उन्होने बताया कि घायल बदमाश की शिनाख्त अनुज प्रताप सिंह निवासी ग्राम जनापुर थाना मोहनगंज जनपद अमेठी के रूप में की गई है। यह बदमाश एक लाख का इनामी था, जिसे घायलावस्था में 108 एंबुलेंस से पहले स्थानीय अस्पताल और फिर जिला अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया था। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अचलगंज पुलिस और फील्ड यूनिट द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी की तलाश में लगी एसटीएफ को सूचना मिली थी कि अचलगंज थाना क्षेत्र में आरोपी छिपा हुआ है। जिसके बाद उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी करी गई। आरोपी ने खुद को घिरा हुआ देखकर पुलिस पर गोली चलानी शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसके परिणामस्वरूप आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी जिला अस्पताल में मौत हो गई।

More Stories
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू
अशोकनगर बायपास परियोजना में करोड़ों के भूमि घोटाले की आशंका! एलायमेंट बदलने, गरीबों की पट्टे की जमीनों की बिक्री और भूमाफियाओं की कथित खरीद-फरोख्त पर उठे गंभीर सवाल