झांसी
जिले में दुल्हन को ब्यूटी पार्लर में तैयार होते समय गोली मारने वाले सिरफिरे प्रेमी ने एमपी के मुरैना में आत्महत्या कर ली. घटना के बाद से ही झांसी पुलिस आरोपी की तलाश में थी. आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीमें भी बना दी गई थीं.
जानकारी के मुताबिक, झांसी में रविवार को दुल्हन के तैयार होते समय ब्यूटी पार्लर में घुसकर गोली मारकर हत्या करने वाले प्रेमी ने मंगलवार को मध्य प्रदेश के मुरैना के एक होटल में आत्महत्या कर ली. पुलिस ने पहले ही उसका फोटो एमपी और यूपी के कई थानों में भेज दिया था. होटल में किसी व्यक्ति के आत्महत्या करने पर पहुंची पुलिस ने झांसी पुलिस द्वारा दी गई फोटो से उसका मिलान किया. तब पता चला कि युवक झांसी में प्रेमिका की हत्या करने वाला दीपक है. एमपी पुलिस ने झांसी पुलिस को इसकी सूचना दे दी है. सूचना के बाद झांसी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है.
बता दें एमपी के सोनागिर निवासी लड़की की शादी परिजन रविवार को झांसी में कर रहे थे. बारात आने ही वाली थी. दुल्हन विवाह घर के पास में बने ब्यूटी पार्लर में अपनी सहेलियों के साथ तैयार होने गई थी. उसी समय प्रेमी ने ब्यूटी पार्लर का दरवाजा तोड़कर युवती को दो गोली मार दी थी. युवती की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई थी. पुलिस ने हत्या करने वाले युवक की पकड़ के लिए दो टीमों का गठन किया था. तब से ही पुलिस लगातार युवक के परिजनों और दोस्तों से पूछताछ कर रही थी.

More Stories
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू
अशोकनगर बायपास परियोजना में करोड़ों के भूमि घोटाले की आशंका! एलायमेंट बदलने, गरीबों की पट्टे की जमीनों की बिक्री और भूमाफियाओं की कथित खरीद-फरोख्त पर उठे गंभीर सवाल