भोपाल
उमरिया जिले के बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघ के गले में फंदे की जानकारी मिलने के बाद टाइगर रिजर्व टीम रेस्क्यू में जुटी हुई है। सोमवार को पर्यटन के दौरान पर्यटकों को हितौली जोन के डमडमा नाले के पास बाघ दिखायी दिया था। पर्यटकों ने बाघ के फोटो और वीडियो भी बनाये। फोटो में बाघ के गले में तार जैसा दिखायी दिया। जानकारी मिलने के बाद टाइगर रिजर्व प्रबंधन बाघ के रेस्क्यू की तैयारी में जुट गया। सोमवार की शाम से ही रेस्क्यू टीम बाघ की तलाश कर रही है। मंगलवार को बाघ की तलाश में दो हाथियों और कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाया गया, लेकिन बाघ लगातार अपनी मूवमेंट बदलता रहा और उसके घने जंगल में चले जाने से रेस्क्यू नहीं किया जा सका। अब बाघ की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन बुधवार से शुरू किया जायेगा। रेस्क्यू टीम ने जंगल में सर्चिंग शुरू कर दी है।
बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व के उप संचालक श्री पी.के. वर्मा ने बताया कि बाघ के रेस्क्यू के लिये खितौली जोन के कुछ एरिया में पर्यटन को बंद कर दिया गया है। गले में फंदा लगा बाघ स्वस्थ होने के कारण लगातार अपनी मूवमेंट बदल रहा है। उन्होंने बताया कि 4 हाथी दल और 3 परिक्षेत्र की टीम इसकी निगरानी में लगे हुए हैं। जल्द ही बाघ को रेस्क्यू कर लिया जायेगा।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू