October 11, 2026

सीतापुर में नाला पार करते समय ट्रैक्टर पलटने से तीन बच्चों की मौत

महमूदाबाद (सीतापुर)
गन्ने की बोआई कर घर वापस जा रहा ट्रैक्टर शनिवार दोपहर बाद नाला पार करते समय पलट गया। इसमें चालक सहित ट्रैक्टर व गन्ना बोने वाले हल पर बैठे आठ बच्चे दब गए। इसमें तीन बच्चों की मौत हो गई। चालक समेत पांच बच्चे घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां ले जाया गया, जहां से चालक को लखनऊ रेफर कर दिया गया। सदरपुर के पहाड़ापुर के विश्राम सुबह खेत में गन्ना की बोआई करने गए थे। वह गांव के बच्चों को भी साथ लेकर गए थे। दोपहर बाद घर लौटते समय गांव के पूरब बनी पुलिया के पास ट्रैक्टर नाला में पलट गया।

इसमें पहाड़ापुर के अंबरीश (10) पुत्र दुलारे, छोटू (12) पुत्र संजय, अमन (08) संकटा की मौके पर मौत हो गई। चालक विश्राम (65) पुत्र जियालाल, नितिन (11) पुत्र राम दुलारे, आशुतोष (14) व अविनाश (10) पुत्रगण चंद्रिका, प्रदीप (08) पुत्र छत्रपाल और रामपुरकलां के शिवा (10) पुत्र शत्रोहन घायल हो गए। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को सीधा करके दबे लोगों को निकाला।

सदरपुर थाना के वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश कुमार और मनोज कुमार ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। मुकेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में तीन बच्चों की मौत हुई है और चालक व पांच बच्चे घायल हुए हैं। चालक को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।

You may have missed