उमरिया
धूप के तल्ख होते ही बाघों को भी गर्मी सताने लगी है। बांधवगढ़ के खितौली रेंज में सफारी करने गए पर्यटकों को दिखे नजारे से तो कुछ ऐसा ही मालूम होता है। दरअसल खितौली रेंज के एक तालाब में पर्यटकों को बाघ दिखाई दिया। यह बाघ यहां पानी पीने आया था और बाद में तालाब के अंदर जाकर पानी में बैठ गया। पानी में बैठे हुए बाघ को देखना पर्यटकों के लिए खासा रोमांचक रहा। जैसे ही लोगों ने बाघ को पानी के अंदर बैठा देखा वे उसका वीडियो बनाने लगे और फोटो खींचने लगे। यह बाघ काफी देर तक पानी के अंदर बैठा रहा और पर्यटकों को अपना भरपूर दीदार करने का मौका देता रहा।
डॉटी का शावक
पर्यटकों ने बताया कि उन्हें गाईड और वाहन चालकों ने बताया कि खितौली रेंज के तालाब में दिखाई देने वाला बाघ दरअसल डॉटी का शावक है। हालांकि अब यह पूरी तरह से व्यस्क हो चुका है और अपनी मां से भी अलग रहने लगा है। खितौली रेंज के तालाब में दिखाई देने वाले इस बाघ की उम्र लगभग छह साल बताई जा रही है। यह बाघ पिछले लंबे समय से खितौली के इसी तालाब के आसपास दिखाई देता है। इस क्षेत्र के आसपास एक दो बाघिनें भी सक्रिय हैं जिसके कारण यह बाघ पिछले लंबे समय से यहां जमा हुआ है।
पर्यटक हुए रोमांचित
बांधवगढ़ के खितौली रेंज में बाघ को तालाब के किनारे देखते ही पर्यटक रोमांचित हो गए थे। जब यह बाघ तालाब में पानी पीने लगा तो पर्यटक खुशी से किलकारी मारने लगे। इसके बाद जब यह बाघ पानी के अंदर उतर गया तो पर्यटकों के रोमांच का ठिकाना ही नहीं रहा। पर्यटक देर तक यहां जमे रहे और बाघ को निहारते रहे। पानी के अंदर घुसने के बाद बाघ काफी देर तक पानी में ही बैठा रहा। पर्यटकों ने बताया कि उन्होंने इस तरह का नाजारा इससे पहले कभी नहीं देखा था।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू