नोएडा
उत्तर प्रदेश में गौतम बुद्ध नगर जिले के चिपियाना बुजुर्ग पुलिस चौकी में बृहस्पतिवार को हिरासत के दौरान युवक योगेश कुमार की कथित आत्महत्या मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त जोन (द्वितीय) सुनीति ने बताया कि मृतक योगेश के भाई धर्मवीर ने अपने भाई (योगेश) के साथ एक फैक्टरी में काम करने वाली दो महिलाओं के खिलाफ बृहस्पतिवार रात शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद दोनों महिलाओं को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि महिलाओं को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि धर्मवीर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि योगेश के साथ फैक्टरी में काम करने वाली दो महिलाओं ने उस पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे जो झूठे थे और इस मामले में दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। यह लगभग डेढ़ माह पहले की बात है। धर्मवीर ने अपनी शिकायत में कहा कि समझौता होने के बाद महिलाओं ने उसके भाई के खिलाफ फिर शिकायत कर दी और इस संबंध में पूछताछ के लिए योगेश को पुलिस चौकी बुलाया गया था।
उसने आरोप लगाया कि बार-बार महिलाओं द्वारा शिकायत किए जाने से परेशान योगेश ने बृहस्पतिवार सुबह पुलिस चौकी में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस उपायुक्त सुनीति ने बताया कि धर्मवीर की शिकायत पर दोनों महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में लापरवाही बरतने पर पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने बिसरख थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच अपर पुलिस उपायुक्त जोन (प्रथम) मनीष कुमार मिश्रा को सौंपी गई है और प्रारंभिक जांच के अनुसार इस घटना में चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने लापरवाही बरती। सुनीति ने कहा कि चिकित्सकों के एक दल ने शव का पोस्टमार्टम किया और पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी करवाई गई है।
उन्होंने बताया कि चिपियाना गांव के पास एक फैक्टरी में काम करने वाली एक महिला ने उसी फैक्टरी में काम करने वाले योगेश (22) पर बलात्कार का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया कि महिला ने अपनी शिकायत लखनऊ में ‘लोक शिकायत’ पुलिस अधीक्षक से की थी। उन्होंने बताया कि यह जांच लखनऊ से नोएडा आई थी और इसी जांच के क्रम में पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह योगेश को पूछताछ के लिए पुलिस चौकी पर बुलाया था।
उन्होंने कहा कि इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि चिपियाना में एक युवक ने आत्महत्या कर ली है जिसके बाद पुलिसकर्मी योगेश को बाहर बिठाकर घटनास्थल के लिए रवाना हुए। उन्होंने बताया कि चौकी में एक महिला कांस्टेबल निगरानी पर थी और योगेश ने इसी दौरान चौकी के अंदर जाकर एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया तथा पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

More Stories
स्थानांतरण और सार्थक ऐप से अनिवार्य उपस्थिति का विरोध तेज, पशुपालन कर्मचारियों ने मंत्री को सौंपा ज्ञापन
रसूखदारों और भ्रष्ट तंत्र की मिलीभगत का पर्याय सिद्धांता हॉस्पिटल
एम्स भोपाल के आयुष विभाग ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में तीन सप्ताहीय योग गतिविधियों का शुभारंभ किया