उज्जैन
उज्जैन जिले के इंगोरिया थाना क्षेत्र के मतांगना में रहने वाले एक युवक को बोरिंग मशीन निकालने वाले पाइप पर उल्टा लटका कर पिटाई करने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इंगोरिया पुलिस हरकत में आई और पीड़ित व्यक्ति की तलाश शुरू की। पुलिस का कहना है कि पीड़ित व्यक्ति देवास में अपनी ससुराल में रहता है। उसके आने के बाद ही आरोपित पर केस दर्ज किया जाएगा। उधर, मामला सामने आने के बाद एसपी ने टीआइ को लाइन अटैच कर दिया।
टीआइ पृथ्वी सिंह खलाटे ने बताया कि थाना क्षेत्र के मतांगना में रहने वाले दिलीप डोली नामक व्यक्ति की दशहरे के पहले बोरिंग से मशीन निकालने वाले पाइप पर लटकाकर पिटाई का मामला सामने आया है। पड़ोस में ही रहने वाले अर्जुन नामक व्यक्ति ने तलवार चोरी का आरोप लगाकर दिलीप के साथ पिटाई की थी। दिलीप देवास में अपनी ससुराल में रहता है तथा गांव में रहने वाली अपनी मां के यहां त्योहार मनाने आया था। उस दौरान उसके साथ मारपीट की गई थी। हालांकि, उस दौरान दिलीप ने थाने पर मारपीट संबंधी कोई शिकायत नहीं की थी।
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस – शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जांच की गई। गांव के सरपंच व अन्य व्यक्ति से पूछताछ करने पर पता चला कि दिलीप देवास में ससुराल में रहता है। उसकी तलाश कर इंगोरिया बुलाकर आरोपित के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। वीडियो सामने आने पर भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने पर एसपी सत्येन्द्र कुमार ने टीआइ पृथ्वी सिंह खलाटे को लाइन अटैच कर दिया है।
यह VIDEO उज्जैन जिले के इंगोरिया थाना क्षेत्र के सिजावता गांव का है। वीडियो एक हफ्ते पुराना बताया जाता है। आरोपी अर्जुन मोंगिया ने एक युवक पर खेत में पड़ी तलवार चोरी करने का आरोप लगाया था। फिर युवक को बोरिंग लिफ्टर मशीन की जंजीर से बांधकर लटका दिया। इसके बाद अर्जुन मोंगिया और संजय जाट ने डंडे से पीटा। पुलिस का कहना है कि आरोपी अर्जुन मोंगिया संजय ने 4 नवंबर को चोरी का आवेदन दिया था।
थाने में किसी की शिकायत नहीं पहुंची
इंगोरिया थाना प्रभारी पृथ्वी सिंह खलाटे ने बताया की मेरे संज्ञान में वीडियो आया है। इसकी जांच कर पुष्टि होने पर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। अब तक फरियादी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। बताया जा रहा है युवक की पिटाई से पीड़ित दहशत में आ गया और गांव छोड़कर चला गया है। क्या कुछ चोरी हुआ और क्या आपस में रिश्तेदारी है, पता नहीं चल पाया है। युवक यहां मजदूरी करने आया था।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू