भोपाल
अब धीरे-धीरे मध्य प्रदेश का मौसम बदल रहा है. अब दिन में धूप तो रात को गुलाबी सर्दी का एहसास हो रहा है. इस बदले मौसम के मिजाज के बीच बीती रात पचमढ़ी की सबसे ठंडी रात रही और यहां पारा 12.8 दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिम विक्षोप) एक्टिव है. वहीं हिमाचल प्रदेश के ऊपर भी एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस है, इस कारण प्रदेश में फिलहाल सर्दी का असर तेज नहीं हो रहा है.
वहीं हवाओं की दिशा बदलने से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार अक्टूबर महीने में ऐसे ही हल्की सर्दी बनी रहेगी. जबकि, नवंबर महीने से तेज सर्दी अपना असर दिखाएगी. मौसम विभाग के अनुसार अभी जंगली व पहाड़ी क्षेत्रों में सर्दी अपना असर दिखा रही है. यहां रात का पारा 15 डिग्री के नीचे हैं. वहीं प्रदेश के पचमढ़ी, रीवा, उमरिया, मलांजखंड और मंडला में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. बीती रात प्रदेश के पचमढ़ी की रात सबसे सर्द रही है. पचमढ़ी में पारा 12.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि उमरिया में 13.9 डिग्री रहा.
भोपाल में दिन में धूप, रात को सर्दी
राजधानी भोपाल के मौसम में भी बदलाव आया है, यहां दिन के समय धूप अपना असर दिखा रही है, जबकि रात को हल्की सर्द है. सोमवार को यहां अधिकतम पारा 31.7 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आने वाले दिनों में पारे में और गिरावट दर्ज होने की संभावना है. भोपाल के सात तीन बड़े शहरों में भी दिन के तापमान ऐसा ही रहा. इंदौर में 33 डिग्री, ग्वालियर में 32.4, जबलपुर में 29.2 और उज्जैन में पारा 33.4 डिग्री दर्ज किया गया.

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू