भोपाल
प्रदेश में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा आठ फरवरी से स्काई डाइविंग फेस्टिवल की शुरुआत की जाएगी। उज्जैन में आठ फरवरी और खजुराहो में 20 फरवरी से शुरू होने वाला स्काई डाइविंग फेस्टिवल एक बार फिर रोमांच और मनोरंजन की सौगात पेश करेगा। प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति एवं प्रबंध संचालक टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि स्काई-डाइविंग फेस्टिवल के भोपाल और उज्जैन में प्रथम एवं द्वितीय संस्करण की सफलता व एडवेंचर गतिविधि के प्रति पर्यटकों के उत्साह को देखते हुए इस वर्ष उज्जैन में तृतीय संस्करण एवं खजुराहो में प्रथम संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। उज्जैन में दताना एयरस्ट्रिप पर आठ से 17 फरवरी तक और खजुराहो में 20 से 25 फरवरी तक एडवेंचर लवर्स असमान में उड़ने के रोमांच का अनुभव कर पाएंगे। स्काई डाइविंग करने का समय सुबह आठ से शाम पांच बजे तक है।
खजुराहो में नृत्य समारोह 20 से
यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो में 20 फरवरी से 26 फरवरी तक 50वें खजुराहो नृत्य समारोह का आयोजन होगा। महोत्सव के स्वर्ण जंयती अवसर को खास बनाने के लिए दुनिया का सबसे रोमांचक खेल स्काई डाईविंग फेस्टिवल आयोजित किया जा रहा है। देशभर के रोमांचप्रेमी इस दौरान 10 हजार फीट की ऊंचाई से खजुराहो में पुरातात्विक उत्कृष्टता के प्रतीक धरोहरों को निहार सकेंगे।
खजुराहो नृत्य समारोह की शुरुआत वर्ष 1975 में की गई थी और तब से आज तक संस्कृति विभाग अंतर्गत उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी द्वारा इसका सफल आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष नृत्य और कला के इस असीम संगम की स्वर्ण जंयती है, जिसे लेकर विशेष तैयारियां की जा रही है। इसी के तहत स्काई डाईविंग फेस्टिवल होगा, जिसमें देशभर से रोमांच प्रेमी खजुराहो पहुंचेंगे।
आधुनिक और बेहद सुरक्षित होगी राइड
स्काई डाईविंग का संचालन डायरेक्टरेट जनरल आफ सिविल एविएशन (डी.जी.सी.ए) एवं यूनाइटेड स्टेट पैराशूट एसोसिएशन (यूएसपीए) द्वारा प्रमाणित संस्था "स्काई-हाई इंडिया" द्वारा किया जा रहा है। स्काई डाइविंग में उपयोग किए जाने वाला एयरक्राफ्ट नागरिक विमानन निदेशालय से पंजीकृत है। संस्था द्वारा उच्चतम मानकों के साथ प्रशिक्षित स्काई डाइवर के सहयोग से स्काई डाइविंग कराई जाएगी।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस गरबा महोत्सव: डीजीपी मकवाणा ने मां अम्बे की आरती कर किया गरबा महोत्सव का शुभारंभ
राजेश कुमार ओगरे ने मऊगंज कलेक्टर का संभाला पदभार, प्रशासनिक व्यवस्था की ली जानकारी
भोपाल मंडल पर तत्काल आरक्षण हेतु टोकन वितरण की नई एवं पारदर्शी व्यवस्था 01 अगस्त 2026 से लागू